स्वतंत्रता दिवस पर संजय चौक में होगा ध्वजारोहण, अशोक शर्मा होंगे मुख्य अतिथि
गौरेला। देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर गौरेला नगर में स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। परंपरा के अनुरूप ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गौरेला द्वारा नगर के संजय चौक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलबीर सिंह करसायल ने बताया कि ध्वजारोहण कार्यक्रम 15 अगस्त को सुबह 9 बजे संजय चौक में आयोजित होगा। कार्यक्रम में अशोक शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि बाला कश्यप कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कार्यक्रम में राष्ट्रध्वज फहराने के साथ देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों को श्रद्धांजलि एवं नमन किया जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गौरेला ने इस अवसर पर क्षेत्र के समस्त कांग्रेसजनों, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।
ब्लॉक अध्यक्ष बलबीर सिंह करसायल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व ही नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को स्मरण करने का अवसर भी है। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से समय पर संजय चौक पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।