पैसों के लालच में दोस्त बने लुटेरे चाकू दिखाकर लूटी बाइक और मोबाइल, पुलिस ने एक दिन में सुलझाया मामला, तीन आरोपी गिरफ्तार

0

पैसों के लालच में दोस्त बने लुटेरे चाकू दिखाकर लूटी बाइक और मोबाइल, पुलिस ने एक दिन में सुलझाया मामला, तीन आरोपी गिरफ्तार
कटनी।। थाना एन.के.जे. पुलिस ने लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जिला जेल भेज दिया। आरोपियों ने पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए मिलकर घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त चाकू और वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 11 जून 2026 को ग्राम हीरापुर कौड़िया निवासी 23 वर्षीय अभिषेक रजक ने थाना एन.के.जे. में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान नर्मदा वेयर हाउस मोड़ के पास तीन अज्ञात युवक, जिन्होंने चेहरे पर सफेद गमछा बांध रखा था, उसका रास्ता रोककर चाकू की नोक पर मारपीट करते हुए मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहले संदेही गुलशन चौधरी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों करण रैकवार और दीपांशु सेन के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त बाइक और चाकू बरामद कर लिए। बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 12 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed