यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, 1008 चालान काटे गए विशेष अभियान में 5 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला, हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर पुलिस की सख्त कार्रवाई
यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, 1008 चालान काटे गए
विशेष अभियान में 5 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला, हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर पुलिस की सख्त कार्रवाई
कटनी। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से कटनी यातायात पुलिस द्वारा विशेष प्रवर्तन एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सघन वाहन चेकिंग कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। इस दौरान ट्रिपल सवारी, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन संचालन, रेड लाइट जंप, नो पार्किंग, वन-वे उल्लंघन, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट तथा अन्य नियम तोड़ने वालों पर चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी कर ई-चालान जारी किए गए।
18 मई से 11 जून 2026 तक की प्रमुख कार्रवाई इस प्रकार रही—
• नशे की हालत में वाहन संचालन – 09
• बिना हेलमेट – 31
• बिना नंबर प्लेट – 97
• बिना सीट बेल्ट – 27
• नो पार्किंग – 203
• रेड लाइट जंप – 31
• वन-वे उल्लंघन – 41
• खतरनाक स्थिति में वाहन खड़ा करना – 31
• ट्रिपल सवारी – 173
• मोबाइल पर बात करते हुए वाहन संचालन – 161
• अन्य प्रकरण – 204
इस अवधि में कुल 1008 चालान किए गए तथा 5 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और सभी यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।