हृदयविदारक सड़क हादसा:-बस-हाइवा की भीषण टक्कर में 3 की मौत, 29 घायल लमतरा फाटक के पास मचा कोहराम, कलेक्टर-एसपी और सांसद अस्पताल पहुंचे

0

हृदयविदारक सड़क हादसा:-बस-हाइवा की भीषण टक्कर में 3 की मौत, 29 घायल
लमतरा फाटक के पास मचा कोहराम, कलेक्टर-एसपी और सांसद अस्पताल पहुंचे
कटनी।। जिले के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत लमतरा फाटक के समीप रविवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। यात्री बस और ओवरलोड हाइवा के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 29 यात्री घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।


जानकारी के अनुसार बस क्रमांक एमपी-19-पी-0347 विजयराघवगढ़ की ओर से आ रही थी। लमतरा फाटक के पास सामने से आ रहे ओवरलोड हाइवा से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण कर घायलों का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस बीच खजुराहो सांसद वीडी शर्मा भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ओवरलोड वाहन और तेज रफ्तार को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed