10 दिन में कार्रवाई नहीं तो चक्काजाम: कांग्रेस ने प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी
बघईया पुलिया पर अनशन और जनआंदोलन की तैयारी, कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचा मामलाशहडोल।जिले के कोयलांचल क्षेत्र की लंबित जनसमस्याओं को लेकर अब राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बुढ़ार के नेतृत्व में प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ, तो अमरकंटक रोड स्थित बघईया पुलिया पर चक्काजाम, अनशन और उग्र जनआंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि बीते 7 अप्रैल को मुख्य महाप्रबंधक एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र को क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया था। उस दौरान अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक किसी भी मुद्दे पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसे लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अंकित सिंह ने कहा कि प्रशासनिक उदासीनता अब जनता के धैर्य की परीक्षा लेने लगी है। कई बार संपर्क और स्मरण कराने के बावजूद समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। ऐसे में जनता अब लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर है।
प्रस्तावित आंदोलन का केंद्र बघईया पुलिया, अमरकंटक रोड धनपुरी वार्ड क्रमांक 26-27 को बनाया गया है। आंदोलन में वार्ड 26 और 27 सहित तीन नंबर क्षेत्र से अमलाई फाटक तक के व्यापारी, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होंगी। संगठन की ओर से हस्ताक्षरयुक्त समर्थन पत्र भी प्रशासन को सौंपे गए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने साफ किया है कि आंदोलन शांतिपूर्ण रहेगा, लेकिन यदि कानून-व्यवस्था जैसी स्थिति निर्मित होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य महाप्रबंधक एसईसीएल सोहागपुर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड शहडोल, एसडीओपी धनपुरी, थाना प्रभारी धनपुरी-अमलाई और जिला कांग्रेस अध्यक्ष को भी भेजी गई है। क्षेत्र में बढ़ते जनाक्रोश के बीच अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।