एनएसयूआई के आंदोलन का असर, एनकेजे रेलवे स्कूल में शिक्षकों की भर्ती का आदेश जारी

0

एनएसयूआई के आंदोलन का असर, एनकेजे रेलवे स्कूल में शिक्षकों की भर्ती का आदेश जारी


कटनी। एनकेजे रेलवे स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर एनएसयूआई जिला कटनी द्वारा किए गए आंदोलन का असर सामने आया है। विद्यार्थियों के साथ धरना-प्रदर्शन कर रेलवे प्रशासन को एक माह का अल्टीमेटम दिए जाने के बाद पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा संविदा शिक्षकों की नियुक्ति का आदेश जारी किया गया है।
एनकेजे रेलवे स्कूल में कक्षा पहली से 12वीं तक बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। लंबे समय से शिक्षकों की कमी के चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। इस समस्या को लेकर एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अजय खटिक के नेतृत्व में छात्रों के साथ स्कूल परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया था। आंदोलन के दौरान रेलवे प्रशासन से शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग करते हुए एक माह के भीतर नियुक्ति नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी गई थी।
प्रदर्शन के बाद रेलवे अधिकारियों एवं स्कूल प्रबंधन के साथ हुई चर्चा में एनएसयूआई को लिखित आश्वासन दिया गया था कि आवश्यकता के अनुसार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु रूप से संचालित हो सके।
इसी क्रम में 20 अगस्त 2026 को पश्चिम मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, जबलपुर द्वारा कार्यालय आदेश क्रमांक 1112/2026 जारी किया गया। आदेश के तहत रेलवे स्कूल में पीजीटी, टीजीटी एवं पीआरटी सहित विभिन्न पदों पर संविदा शिक्षकों की नियुक्ति की गई है।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अजय खटिक ने इसे विद्यार्थियों और अभिभावकों की जीत बताते हुए कहा कि यह सफलता उन सभी लोगों की है, जिन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई का उद्देश्य केवल आंदोलन करना नहीं, बल्कि छात्रों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि रेलवे द्वारा शिक्षकों की भर्ती का आदेश जारी होना एनएसयूआई के संघर्ष की सफलता है। संगठन आगे भी विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, पर्याप्त शिक्षक और नियमित कक्षाएं उपलब्ध कराने से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाता रहेगा। एनएसयूआई ने कहा कि छात्रों के हित से जुड़े मुद्दों पर संगठन आगे भी सड़क से लेकर प्रशासन तक लगातार संघर्ष करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed