एक के बाद एक वारदातें कट्टा दिखाकर धमकी का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा, अब बाईपास पर गाड़ी रोककर चाकुओं से हमला वारदातों से उठे बड़े सवाल क्या अपराधियों को आसान लगने लगा है शहर का माहौल

0

एक के बाद एक वारदातें कट्टा दिखाकर धमकी का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा, अब बाईपास पर गाड़ी रोककर चाकुओं से हमला
वारदातों से उठे बड़े सवाल क्या अपराधियों को आसान लगने लगा है शहर का माहौल
कटनी।। शहर में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने आम नागरिकों के बीच सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है। देर रात शराब दुकान पर हथियार दिखाकर धमकी देने की घटना की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि अब जबलपुर–कटनी बाईपास पर वाहन रोककर चाकू से हमला किए जाने की वारदात ने लोगों को फिर सोचने पर मजबूर कर दिया है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद शहर में चर्चा तेज होने लगी है कि आखिर क्यों सार्वजनिक स्थानों और मुख्य मार्गों पर भी इस तरह की घटनाएं सामने आने लगी हैं।
शनिवार देर रात स्टेशन क्षेत्र स्थित शराब दुकान पर कथित तौर पर हथियार दिखाकर धमकी देने का मामला सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इसी बीच कुछ ही घंटों बाद जबलपुर–कटनी बाईपास पर एक और गंभीर वारदात सामने आई। जानकारी के अनुसार वाहन चालक शैलेश कुमार यादव को रास्ते में रोककर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
बाईपास पर गाड़ी रोककर किया जानलेवा हमला
शनिवार–रविवार की दरमियानी रात जबलपुर–कटनी बाईपास रोड पर एक गंभीर वारदात सामने आई। जानकारी के अनुसार मूल रूप से ग्राम नगला राधे, थाना नसीरपुर, जिला फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) निवासी शैलेश कुमार यादव, जो वर्तमान में कटनी के गुलवारा क्षेत्र में निवासरत हैं, रात लगभग 10:50 बजे अपने वाहन से बाईपास मार्ग से गुजर रहे थे।बताया गया कि जैसे ही वे माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखापतेरी स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी अज्ञात व्यक्तियों ने अपनी गाड़ियां उनके वाहन के आगे लगाकर रास्ता रोक लिया। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार इसके बाद आरोपियों ने वाहन चालक पर हमला कर दिया। घायल चालक के अनुसार हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर हमला किया, जिससे उनके पैर और कमर में गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार जारी है।
माधवनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तड़के सुबह अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 324(6) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और मार्ग के फुटेज की जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। वहीं दूसरी ओर, शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शामिल स्टेशन चौराहे स्थित शराब दुकान पर वायरल हुए वीडियो ने भी लोगों के बीच असुरक्षा की भावना को बढ़ाया है। वीडियो में एक युवक कथित तौर पर हथियार लेकर कर्मचारी को धमकाता दिखाई दे रहा है।
दोनों घटनाएं अलग-अलग थाना क्षेत्रों से जुड़ी हैं, लेकिन इनका एक समान पहलू है—खुलेआम दबंगई और सार्वजनिक स्थानों पर अपराध करने का बढ़ता साहस। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है और आधिकारिक निष्कर्ष का इंतजार है।
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद शहर में चर्चा इस बात की भी होने लगी है कि क्या कटनी ऐसा वातावरण बनता जा रहा है जहां अपराध करने वालों को जोखिम कम महसूस होने लगा है। यह कहना जल्दबाजी होगा कि शहर अपराधियों के लिए सेफ जोन बन चुका है, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं ने इतना जरूर संकेत दिया है कि लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए केवल अपराध दर्ज करना पर्याप्त नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed