जीपीएम जिले में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ 22 हजार पौधे लगाने के लक्ष्य को प्राप्त करना हमारी प्राथमिकता:DEO रजनीश तिवारी

0

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पर्यावरण संरक्षण और मातृ ऋण को समर्पित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ आज जीपीएम जिले में हो गया। गौरेला स्थित शासकीय मिश्री देवी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से इसकी शुरुआत की गई।

 

कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमति रोशनी शर्मा, वार्ड पार्षद मनोज विश्वकर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, बीआरसी संतोष सोनी, नोडल अधिकारी उल्लास आलोक शुक्ला, तापस शर्मा, विद्यालय की प्राचार्य श्रीमति उषा शर्मा सहित सभी शिक्षक एवं छात्रायें उपस्थित रहे। सभी ने मां के नाम पौधे लगाकर पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया।

 

22 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने बताया कि कलेक्टर महोदय के मार्गदर्शन में जिले में इस बार सभी स्कूलों को मिलाकर लगभग 22 हज़ार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी बीईओ और प्राचार्यों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि समय पर लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।आगे जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले में आज तीनों ब्लॉक को मिलाकर कुल 11750 पौधे प्राप्त हुए थे जिसमें से तीनों विकासखंड में कुल 7619 पौधे रोपित किए गए हैं और इनमें से 5861 पौधे जिओ टैगिंग किए जा चुके हैं।

 

जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि मां हमें जीवन देती है और पेड़ हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन देते हैं। इस अभियान से दोनों का सम्मान एक साथ हो रहा है। हर छात्रा-छात्र की जिम्मेदारी होगी कि वह लगाए गए पौधे को पेड़ बनाकर दिखायें।

 

नप उपाध्यक्ष रोशनी शर्मा ने छात्राओं से कहा कि पौधे की परवरिश अपनी मां की तरह करने के लिए प्रेरित किया। वार्ड पार्षद मनोज विश्वकर्मा ने भी सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों और छात्राओं ने सामूहिक रूप से पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने के साथ हरियाली बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed