आकाशीय बिजली ने उजाड़ा परिवार, मासूम समेत दो की गई जान

0
शहडोल। जिले में लगातार बदल रहे मौसम के बीच आकाशीय बिजली लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। पपौंध थाना क्षेत्र के ग्राम ओदारी में शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां महुआ की डोरी बीनने गई बुआ और भतीजी की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथ मौजूद एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका उपचार अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम ओदारी निवासी इत्तोबाई गोंड 50 वर्ष अपनी आठ वर्षीय भतीजी सफीना सिंह गोंड के साथ गांव से कुछ दूरी पर स्थित महुआ के पेड़ों के नीचे डोरी एकत्र कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते आकाशीय बिजली उनके बेहद नजदीक आ गिरी, जिससे दोनों उसकी चपेट में आ गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो इत्तोबाई और मासूम सफीना अचेत अवस्था में पड़ी थीं। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं उनके साथ मौजूद एक अन्य महिला भी गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पपौंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की। पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण आकाशीय बिजली गिरना पाया गया है। मामले में मर्ग कायम कर विस्तृत जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ ही क्षणों में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मासूम बच्ची की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गौरतलब है कि जिले में बीते दो दिनों के भीतर आकाशीय बिजली गिरने से मौत की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले गोहपारू क्षेत्र में भी एक युवक की बिजली गिरने से जान चली गई थी। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम, गरज-चमक और बारिश के दौरान खुले स्थानों, खेतों तथा पेड़ों के नीचे रुकने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed