स्वच्छता से आगे बढ़कर स्वास्थ्य जागरूकता का बना जनआंदोलन, राहगीरी डे के नौवें संस्करण ने रचा नया इतिहास महापौर प्रीति सूरी और निगमायुक्त तपस्या परिहार की पहल पर हजारों नागरिकों ने लिया स्वस्थ और स्वच्छ कटनी का संकल्प

0

स्वच्छता से आगे बढ़कर स्वास्थ्य जागरूकता का बना जनआंदोलन, राहगीरी डे के नौवें संस्करण ने रचा नया इतिहास
महापौर प्रीति सूरी और निगमायुक्त तपस्या परिहार की पहल पर हजारों नागरिकों ने लिया स्वस्थ और स्वच्छ कटनी का संकल्प
कटनी। नगर निगम द्वारा आयोजित राहगीरी डे का नौवां संस्करण रविवार को केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक सहभागिता का ऐसा जनआंदोलन बनकर उभरा जिसने नगर के इतिहास में एक नई मिसाल कायम की। शंभू टॉकीज मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोककर नागरिकों के लिए तैयार किए गए इस खुले मंच पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए यह संदेश दिया कि स्वच्छ शहर के साथ स्वस्थ नागरिक भी किसी विकसित समाज की पहली पहचान हैं।

नगर निगम महापौर एवं शहर की प्रथम नागरिक श्रीमती प्रीति संजीव सूरी तथा निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार की विशेष पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा उद्देश्य नागरिकों को केवल शहर की स्वच्छता ही नहीं, बल्कि अपने स्वास्थ्य और जीवनशैली के प्रति भी जागरूक करना रहा। योग, जुंबा, पारंपरिक खेल, पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक और स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर और स्वच्छ वातावरण एक-दूसरे के पूरक हैं।
विशेष बात यह रही कि राहगीरी डे अब अपने नौवें संस्करण तक पहुंच चुका है और नगर के इतिहास में पहली बार किसी स्थानीय निकाय द्वारा लगातार इस तरह के नवाचारपूर्ण आयोजनों के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य, फिटनेस, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आयोजन में उमड़ी भारी भीड़ और सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि नगर प्रशासन की यह पहल अब एक लोकप्रिय जन-अभियान का स्वरूप ले चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती सूरी ने नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई, वहीं निगमायुक्त सुश्री परिहार ने कहा कि स्वस्थ नागरिक और स्वच्छ शहर मिलकर ही विकसित कटनी की मजबूत नींव तैयार करते हैं। राहगीरी डे ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जब प्रशासन और नागरिक एक साथ कदम बढ़ाते हैं, तब शहर विकास, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता की नई ऊंचाइयों को छूता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed