रातभर खाकी का पहरा अपराधियों की नींद उड़ी ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश घर-घर तलाश , 117 वारंटी सलाखों के पीछे
रातभर खाकी का पहरा अपराधियों की नींद उड़ी
ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश घर-घर तलाश , 117 वारंटी सलाखों के पीछे
कटनी।। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में कटनी पुलिस ने शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई इस कार्रवाई ने अपराधियों और फरार आरोपियों में हड़कंप मचा दिया।
अभियान के दौरान 170 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवान रातभर सड़कों पर रहे। पुलिस टीमों ने फरार आरोपियों, स्थाई वारंटियों, निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों और जिलाबदर अपराधियों के ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों की पड़ताल की। कार्रवाई में कुल 117 वारंटी गिरफ्तार किए गए, जबकि 93 से अधिक निगरानी बदमाशों और सूचीबद्ध गुंडों की सघन जांच कर उन्हें कानून का पालन करने की कड़ी चेतावनी दी गई।
पुलिस ने विभिन्न न्यायालयों से जारी 50 गिरफ्तारी वारंट और 27 स्थाई वारंट तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 50 गुंडों और 43 निगरानी बदमाशों के घरों पर पहुंचकर सत्यापन किया गया तथा दो जिलाबदर अपराधियों की भी जांच की गई। अभियान केवल अपराधियों की धरपकड़ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अवैध गतिविधियों के विरुद्ध भी व्यापक कार्रवाई की गई। पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन, विक्रय और सार्वजनिक स्थलों पर सेवन के खिलाफ 26 आबकारी प्रकरण दर्ज किए। वहीं रात्रिकालीन वाहन चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 12 चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 42 चालान बनाए गए।
सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले एक आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। वहीं शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न धाराओं के अंतर्गत 200 से अधिक व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कटनी पुलिस की यह रात्रिकालीन कांबिंग गश्त न केवल अपराधियों पर नकेल कसने की कार्रवाई रही, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने और अपराधियों को कानून का भय दिखाने का प्रभावी अभियान भी साबित हुई।