मौत के मोड़ पर सुरक्षा का पहरा सुर्खी टैंक ब्लैक स्पॉट पर यातायात पुलिस की विशेष पहल
मौत के मोड़ पर सुरक्षा का पहरा सुर्खी टैंक ब्लैक स्पॉट पर यातायात पुलिस की विशेष पहल
कटनी।। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। थाना एनकेजे क्षेत्र के अंतर्गत सरसवाही मार्ग स्थित सुर्खी टैंक ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटना रोकथाम एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से विशेष सुरक्षा उपाय किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में
में यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह ने दुर्घटना संभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस स्थान पर पूर्व में कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें अनेक लोगों की जान गई तथा कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए यातायात पुलिस द्वारा ब्लैक स्पॉट पर चेतावनी एवं जागरूकता संबंधी फ्लेक्स बोर्ड, सावधानी संकेतक और सुरक्षा संदेश स्थापित किए गए हैं। इन संदेशों के माध्यम से वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरटेकिंग से बचने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने तथा सतर्क होकर वाहन चलाने की सलाह दी जा रही है।
यातायात पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, जबकि यातायात नियमों का पालन कई परिवारों को असमय होने वाले दुख से बचा सकता है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले के अन्य चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का भी सर्वेक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक एवं जागरूकता संबंधी कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य जिले में दुर्घटनाओं की संख्या कम कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करना है।