नगर निगम का ग्रीष्मकालीन शिविर खेल, कला और प्रतिभा निखारने का सुनहरा अवसर,5 जून से प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच

0

नगर निगम का ग्रीष्मकालीन शिविर खेल, कला और प्रतिभा निखारने का सुनहरा अवसर,5 जून से प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच
कटनी।। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं रचनात्मक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 5 से 15 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ 5 जून को प्रातः 10 बजे साधुराम उच्चतर माध्यमिक शाला परिसर में किया जाएगा। नगर निगम द्वारा आयोजित इस विशेष शिविर में शहर के बच्चों और युवाओं को खेल, कला, संस्कृति तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह शिविर विशेष रूप से उन प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है जो खेल और सांस्कृतिक क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखते हैं।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
साधुराम स्कूल में आयोजित गतिविधियों में वॉलीबॉल, क्रिकेट, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, स्केटिंग एवं कबड्डी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं के.सी.एस. स्कूल में कुकिंग, सेल्फ डिफेंस, पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट तथा शतरंज की गतिविधियां संचालित होंगी। इसके अलावा रवीन्द्रनाथ स्कूल में संगीत और सांस्कृतिक विधाओं के अंतर्गत गायन, हारमोनियम, तबला-ढोलक वादन, कथक, वेस्टर्न डांस तथा ऑक्टोपैड (इलेक्ट्रॉनिक ड्रम) का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। नगर निगम का यह प्रयास बच्चों को गर्मी की छुट्टियों का रचनात्मक उपयोग करने, नई प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने का अवसर प्रदान करेगा। खेल प्रशिक्षकों एवं विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में होने वाला यह शिविर भविष्य के खिलाड़ियों, कलाकारों और सांस्कृतिक प्रतिभाओं के लिए एक मजबूत आधार तैयार कर सकता है।
शिविर का समापन 15 जून 2026 को प्रातः 11 बजे के.सी.एस. उच्चतर माध्यमिक शाला परिसर में आयोजित किया जाएगा। खेल, संगीत, नृत्य, कला और आत्मरक्षा जैसी विविध गतिविधियों से सुसज्जित यह ग्रीष्मकालीन शिविर कटनी के विद्यार्थियों के लिए प्रतिभा विकास का एक बड़ा मंच बनकर उभर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed