नगर निगम का अनूठा प्रयोग बना प्रतिभा विकास का नया मॉडल रचा इतिहास ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर बना बच्चों के हुनर और आत्मविश्वास का महाउत्सव 11 दिन में बच्चों को मिला हुनर और नई उड़ान

0

नगर निगम का अनूठा प्रयोग बना प्रतिभा विकास का नया मॉडल रचा इतिहास
ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर बना बच्चों के हुनर और आत्मविश्वास का महाउत्सव 11 दिन में बच्चों को मिला हुनर और नई उड़ान
कटनी।। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा आयोजित 11 दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर–2026 का प्रतिभा सम्मान एवं समापन समारोह मंगलवार को स्वामी विवेकानंद सभागार, बस स्टैंड में उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
निगम के तीनों विद्यालयों में 5 से 15 जून तक आयोजित इस शिविर में कुल 299 विद्यार्थियों ने भाग लिया। शिविर के माध्यम से बच्चों को खेल, कला, संस्कृति और जीवन कौशल के विविध क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास को विकसित करने का प्रयास किया गया।
लघु फिल्म और प्रदर्शनी ने आकर्षित किया ध्यान
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद शिविर की 11 दिवसीय गतिविधियों पर आधारित लघु फिल्म प्रस्तुत की गई, जिसमें बच्चों की सीख, उत्साह और रचनात्मक यात्रा को दर्शाया गया। सभागार में विद्यार्थियों द्वारा तैयार विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए, जिन्हें अतिथियों ने सराहा।


मंच पर दिखा आत्मविश्वास और प्रतिभा का संगम
समापन समारोह में विद्यार्थियों ने स्केटिंग, आत्मरक्षा, तबला-हारमोनियम वादन, गायन, वेस्टर्न डांस और कथक सहित विभिन्न प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रत्येक प्रस्तुति में बच्चों का आत्मविश्वास और प्रशिक्षकों का परिश्रम स्पष्ट दिखाई दिया।
महापौर ने कहा – शिविर बच्चों को दिशा देता है
अपने संबोधन में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि यह शिविर केवल अवकाश बिताने का माध्यम नहीं बल्कि बच्चों के जीवन में नए सृजन और आत्मविश्वास का प्रारंभ है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अंक नहीं, बल्कि जीवन के लिए आवश्यक कौशल और आत्मबल प्रदान करते हैं। महापौर ने विद्यार्थियों को सीखी गई कला का निरंतर अभ्यास करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा जल संरक्षण के प्रति सजग रहने का संदेश भी दिया।
उत्कृष्ट प्रतिभाओं और प्रशिक्षकों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में शिविर के उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही तीनों केंद्रों के 20 मास्टर ट्रेनर्स को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वार्षिक एकेडमिक कैलेंडर का विमोचन भी किया गया।
निगम का नवाचार बना प्रेरणा
प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि शिविर ने उन्हें नए मित्र, नए कौशल और सबसे महत्वपूर्ण खुद पर विश्वास दिया। नगर निगम की इस पहल को नई शिक्षा नीति के अनुरूप बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों, कर्मचारियों, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed