जना स्मॉल फाइनेंस बैंक के कर्मचारियों पर ऋण राशि के गबन और धमकी का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
जना स्मॉल फाइनेंस बैंक के कर्मचारियों पर ऋण राशि के गबन और धमकी का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
कटनी।। जिले में बैंक ऋण प्रक्रिया से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति ने बैंक अधिकारियों एवं उनसे जुड़े कर्मचारियों पर लाखों रुपये की ऋण राशि में कथित हेराफेरी करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी में दर्ज कराई गई है और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय को दिए गए शिकायती आवेदन के अनुसार, बहोरीबंद तहसील के ग्राम बाकल पिपरिया निवासी लक्ष्मण विश्वकर्मा (उम्र लगभग 40 वर्ष) ने आरोप लगाया है कि उन्होंने ग्राम मुड़वारा स्थित इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 04, शिव नगर नंबर-2, पटवारी हल्का नंबर 43 की भूमि (खसरा नंबर 138/34, रकबा 952 वर्गफुट) खरीदने के उद्देश्य से जना स्मॉल फाइनेंस बैंक, कटनी से 16 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया था।
पीड़ित के अनुसार, ऋण प्रक्रिया के दौरान कुलदीप नामदेव द्वारा मध्यस्थ/दलाली का कार्य किया गया और दस्तावेजी प्रक्रिया भी उसके माध्यम से पूरी कराई गई।
शिकायत में दिवेश दुबे (ब्रांच मैनेजर), कुलदीप नामदेव एवं शिवम तिवारी पर ऋण राशि में कथित गबन एवं धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।
पीड़ित के आवेदन के अनुसार, संबंधित भूमि का विक्रय पत्र 5 फरवरी 2026 को निष्पादित हुआ, जिसकी कीमत 10 लाख 50 हजार रुपये दर्ज की गई थी। जबकि बैंक से कुल 16 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। पीड़ित का आरोप है कि विक्रेता को केवल निर्धारित राशि का भुगतान किया गया और स्टाम्प एवं अन्य शुल्क का भुगतान दिखाने के बाद भी शेष बची राशि उसे प्राप्त नहीं हुई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि शेष रकम का आपसी मिलीभगत से दुरुपयोग किया गया।
विरोध करने पर धमकी देने का आरोप
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब पीड़ित को लोन की वास्तविक स्थिति और भुगतान की जानकारी हुई तथा उसने आपत्ति दर्ज कराई, तो कथित रूप से उस पर दबाव बनाया जाने लगा। पीड़ित का आरोप है कि संबंधित लोग अन्य व्यक्तियों के साथ उसके घर एवं संस्थान पहुंचे और उससे गाली-गलौज कर ऋण वसूली के नाम पर दबाव बनाया गया। शिकायत में परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग
पीड़ित लक्ष्मण विश्वकर्मा ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच करने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल मामले में शिकायत प्रस्तुत की गई है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि एवं जांच रिपोर्ट आना शेष है। जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।