नवपदस्थ कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने पत्रकारों से की पहली मुलाकात
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला पेंड्रा मरवाही
“सच दिखाइए, सच लिखिए… मेरा दरवाजा हमेशा खुला है” — कलेक्टर डॉ संतोष कुमार देवांगन
पत्रकारों ने पानी, सड़क, स्वास्थ्य और दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं से कराया अवगत
जिला प्रेस क्लब ने किया आत्मीय स्वागत, “एक टोकरी भर मिट्टी” पुस्तक भेंट कर दी शुभकामनाएं
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के नवपदस्थ कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने पदभार ग्रहण करने के बाद सबसे पहले जिले के पत्रकारों से मुलाकात कर संवाद स्थापित किया। अरपा सभागार में आयोजित इस परिचयात्मक बैठक में कलेक्टर ने पत्रकारों के साथ खुलकर चर्चा करते हुए जिले की समस्याओं, विकास की संभावनाओं और प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर विचार साझा किए।
कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें जिले का “आईना” पसंद है और पत्रकार समाज वही आईना है, जो प्रशासन तक वास्तविक स्थिति पहुंचाता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पत्रकार सच दिखाएं और सच लिखें, क्योंकि वे आलोचना से बचने वाले अधिकारी नहीं हैं।
उन्होंने कहा, “आप लोगों की पहुंच वहां तक होती है, जहां तक प्रशासन की नहीं पहुंच पाती। इसलिए जिले की वास्तविक समस्याओं और जमीनी स्थिति से अवगत कराना बेहद जरूरी है। मैं आपके कार्यशैली में हस्तक्षेप नहीं करूंगा। आप स्वतंत्र रूप से अपना काम करें। मेरा दरवाजा पत्रकारों और आम नागरिकों के लिए हमेशा खुला रहेगा। मैं बंद कमरे में बैठकर काम करने वाला अधिकारी नहीं हूं, बल्कि फील्ड में जाकर काम करना मेरी प्राथमिकता है।”
कलेक्टर ने कहा कि जिले के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा और सभी की सहभागिता से बेहतर परिणाम हासिल किए जाएंगे।
बैठक के दौरान पत्रकारों ने भी खुले रूप से जिले की विभिन्न समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। पत्रकारों ने बताया कि जिले में आज भी पानी, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं, जिनके समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर काम करने की आवश्यकता है। साथ ही पूर्व में किए गए कार्यों पर फीडबैक देते हुए भविष्य की प्राथमिकताओं पर भी चर्चा की गई।
लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर चर्चा करते हुए पत्रकारों ने कहा कि जिले में मौजूद कई सड़कें रखरखाव के अभाव में खराब स्थिति में पहुंच चुकी हैं। बची हुई सड़कों का भी समय पर मरम्मत और रखरखाव नहीं हो पा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हो रहा है। इस विषय पर गंभीरता से संज्ञान लेने की आवश्यकता बताई गई।
बैगा बहुल क्षेत्रों की समस्याओं को उठाते हुए पत्रकारों ने बताया कि धरती आबा और जनमन जैसी योजनाएं संचालित होने के बावजूद कई गांव आज भी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है।
पत्रकारों ने जिले के सबसे बड़े ऑक्सीजन जोन इंदिरा उद्यान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि उद्यान का रकबा लगातार कम होता जा रहा है और अतिक्रमण की आशंका बढ़ रही है। इसके लिए वन विभाग और राजस्व विभाग के संयुक्त सीमांकन की आवश्यकता बताई गई। साथ ही रखरखाव के अभाव में उद्यान की स्थिति खराब होने पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे बेहतर योजना के साथ विकसित करने की मांग रखी गई।
मरवाही क्षेत्र के बिलगेरिया जैसे दूरस्थ इलाकों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए पत्रकारों ने कहा कि स्कूली छात्राओं को विकासखंड मुख्यालय तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नियमित बस सुविधा नहीं होने से छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होती है। उन्होंने मुख्यमंत्री स्लम बस योजना के तहत इन क्षेत्रों को जोड़ने की मांग की।
स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी पत्रकारों ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय आज भी केवल रेफरल सेंटर बनकर रह गया है। महिला चिकित्सकों के व्यवहार को लेकर लगातार शिकायतें मिलती हैं, जिससे गर्भवती महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा जिला अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति सुधारने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने सभी सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।
संवाद कार्यक्रम के बाद जिला प्रेस क्लब गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा नवपदस्थ कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। प्रेस क्लब ने जिले की ऐतिहासिक एवं साहित्यिक धरोहर से परिचित कराते हुए उन्हें पंडित माधवराव सप्रे की हिंदी की प्रथम मौलिक कहानी “एक टोकरी भर मिट्टी” की पुस्तिका भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रेस क्लब साहित्य, पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है तथा समाज और प्रशासन के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करने का कार्य करता रहेगा।