वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन

0

 

गौरेला, 08 अक्टूबर 2026।

मरवाही वनमंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र गौरेला में वर्ष 2026 के वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत दिनांक 02 अक्टूबर से 08 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न संरक्षण एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। सप्ताह का उद्देश्य वन्यजीवों की सुरक्षा, उनके प्राकृतिक आवास का संरक्षण, वन्यजीव अपराधों की रोकथाम तथा आमजन में वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

फंदामुक्त वन अभियान – 02 अक्टूबर

संवेदनशील वन क्षेत्रों में विशेष गश्ती एवं निगरानी अभियान चलाया गया। संभावित शिकार क्षेत्रों में फंदे एवं शिकारी उपकरणों की जांच करते हुए वन्यजीव अपराधों की रोकथाम के लिए वन अमले द्वारा सतर्कता बरती गई।

जनजागरूकता रैली – 03 अक्टूबर

वन विभाग द्वारा बाइक/साइकिल जागरूकता रैली आयोजित की गई। वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने रैली के माध्यम से आमजन को वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया। जागरूकता तख्तियों के माध्यम से “Protect Wildlife, Preserve Life” तथा “Take a shot with your camera, not with a gun” जैसे संदेशों का प्रचार किया गया।

वन्यजीव मित्र दिवस – 04 अक्टूबर

परिसर एवं आसपास के ग्रामों में वन्यजीव मित्र संवाद आयोजित कर ग्रामीणों को वन्यजीव संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव तथा वन्यजीव संबंधी घटनाओं की तत्काल सूचना वन विभाग को देने के संबंध में जागरूक किया गया।

युवा वन्यजीव प्रहरी – 05 अक्टूबर

युवाओं को वन्यजीव संरक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से वन्यजीव विचरण क्षेत्रों एवं जलस्रोतों का निरीक्षण किया गया तथा वन एवं वन्यजीव संरक्षण के संबंध में जानकारी दी गई।

सुरक्षित आवास अभियान – 06 अक्टूबर

संवेदनशील वन क्षेत्रों में विशेष रात्रि गश्त एवं निगरानी की गई। अवैध शिकार, फंदा लगाने तथा अन्य वन्यजीव अपराधों की रोकथाम के लिए वन अमले द्वारा सक्रिय निगरानी की गई।

विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता – 07 अक्टूबर

वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत 07 अक्टूबर 2026 को ऑक्सफोर्ड स्कूल, गौरेला में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में गौरेला क्षेत्र के 15 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यार्थियों ने वन्यजीव संरक्षण, वन एवं पर्यावरण सुरक्षा तथा जैव विविधता से संबंधित विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया और चित्रों के माध्यम से वन्यजीवों एवं उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री नामदेव जी रहे। कार्यक्रम SDO गौरेला एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) गौरेला की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

वन्यजीव सुरक्षा संकल्प – 08 अक्टूबर

वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह के समापन अवसर पर सप्ताहभर आयोजित गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा वन एवं वन्यजीव संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया।

वन विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई कि वन्यजीवों का शिकार न करें, जंगल में फंदे न लगाएं, वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को नुकसान न पहुंचाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।

“वन्यजीव बचेंगे, जंगल बचेंगे—तभी प्रकृति बचेगी और हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *