रेत माफिया का खूनी खेल: ट्रैक्टर से युवक की मौत के बाद भड़का आक्रोश, ग्रामीणों ने पुलिस पर संरक्षण के लगाए गंभीर आरोप
शहडोल। जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के पाथर गांव में अवैध रेत परिवहन से जुड़ी एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया। जयसिंहनगर क्षेत्र के दरैन निवासी एक युवक की रेत से लदे ट्रैक्टर की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रेत से लदे ट्रैक्टर में आग लगा दी और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस पर अवैध उत्खनन को सह देने के आरोप लग रहे हैं। मौके पर पुलिस बल और गोहपारू थाना प्रभारी पहुंचे, लेकिन तब तक हालात काफी तनावपूर्ण हो चुके थे। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर ट्रैक्टर मालिक की तत्काल गिरफ्तारी और अवैध रेत कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत का कारोबार खुलेआम चल रहा है और इसकी जानकारी पुलिस को होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि रेत से भरे वाहनों से नियमित वसूली की जाती है, जिसके कारण खनन माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध खनन और तेज रफ्तार रेत वाहनों पर सख्ती की गई होती तो एक युवक की जान नहीं जाती। लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल रेत से लदा ट्रैक्टर ग्राम लामर किसी यादव नामक व्यक्ति का है। घटना के बाद से क्षेत्र में भारी तनाव बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि 30 जून के बाद भी प्रदेश में प्रतिबंध के बावजूद कई क्षेत्रों में अवैध रेत खनन और परिवहन जारी रहने के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। अब इस घटना ने प्रशासन की कार्यशैली और अवैध खनन पर नियंत्रण के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।