जीपीएम में अस्तित्व में आया अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण थाना, रक्षित केंद्र अमरपुर में हुआ शुभारंभ
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (हाल ए हलचल न्यूज़ नेटवर्क): छत्तीसगढ़ राज्य शासन के आदेशानुसार गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितों की रक्षा और उन्हें त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से ‘अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण थाना’ अस्तित्व में आ गया है। 
शुक्रवार, 1 मई 2026 को इस नवीन थाने का विधिवत शुभारंभ किया गया।
वर्तमान में इस थाने का संचालन अस्थाई रूप से रक्षित केंद्र भवन, अमरपुर से किया जाएगा। थाने के शुभारंभ अवसर पर जिला कलेक्टर सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनकी गरिमामय उपस्थिति में थाने का कामकाज आधिकारिक तौर पर शुरू किया गया।
शासन के निर्देशों का पालन करते हुए इस नवीन अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण थाने का प्रभार निरीक्षक सुश्री अंजना केरकेट्टा को सौंपा गया है। जीपीएम जिले में इस विशेष थाने के स्थापित होने से अजा/अजजा वर्ग के लोगों को अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराने में आसानी होगी तथा मामलों का त्वरित और संवेदनशील तरीके से निराकरण हो सकेगा।