गडरिया टोला में एसडीएम की सख्त कार्रवाई: टपरे से 41 बोतल शराब जब्त, दुकान सील
(जय प्रकाश शर्मा)मानपुर। क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। शनिवार को एसडीएम हरनीत कौर कलसी के नेतृत्व में प्रशासनिक दल ने ग्राम गडरिया टोला में कार्रवाई करते हुए एक अवैध टपरे से 41 बोतल शराब बरामद की। मौके पर संचालित दुकान को तत्काल सील कर दिया गया।
प्रशासनिक टीम जब गांव में अतिक्रमण हटाने पहुंची तो वहां लोहे के टपरे और गुमटी में अवैध रूप से दुकान संचालित होती मिली। जांच के दौरान टपरे के अंदर अंडा, मांस, शराब की बोतलें और बीयर रखी पाई गईं। टीम ने मौके से कुल 41 बोतल शराब जब्त की, जिन्हें आगे की कार्रवाई के लिए अमरपुर चौकी प्रभारी को सौंप दिया गया।

संचालक मौके पर मिला
जानकारी के मुताबिक यह दुकान आशीष सोनी निवासी अमरपुर द्वारा संचालित की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान वह मौके पर ही मौजूद मिला। प्रशासन ने टपरे से पका हुआ मांस, भोजन सामग्री, फ्रिज, गैस सिलेंडर और अन्य सामान बाहर निकलवाया। जांच के दौरान टपरे में अवैध बिजली कनेक्शन भी पाया गया, जिसे तत्काल हटाते हुए लाइन काट दी गई।
टपरा सील, चेतावनी जारी
एसडीएम हरनीत कौर कलसी के निर्देश पर अवैध रूप से स्थापित टपरे को सील कर दिया गया और संचालक को सख्त निर्देश दिए गए कि अगले आदेश तक टपरा नहीं खोला जाएगा। प्रशासन ने साफ किया है कि क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।