जंगल में चल रहा था जुआ का बड़ा फड़, पुलिस ने मारी दबिश 13 जुआरी गिरफ्तार, 5.18 लाख का माल जब्त; दो मुख्य संचालक फरार

0
(मोहम्मद शाकिब खान)
जीपीएम। जिले में अवैध जुआ के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में संचालित जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया है। थाना मरवाही पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम बरौर और उषाढ के बीच जंगल क्षेत्र में दबिश देकर काट-पत्ती खेल रहे 13 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मौके से नगदी, बाइक और मोबाइल सहित करीब 5 लाख 18 हजार 350 रुपए का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बरौर और उषाढ के बीच जंगल क्षेत्र में लंबे समय से जुआ का बड़ा फड़ संचालित हो रहा है। इस पर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर मरवाही पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 13 मार्च को संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी कर 13 जुआरियों को पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 30 हजार 350 रुपए नकद, 12 मोटरसाइकिल अनुमानित कीमत 4 लाख 60 हजार 500 रुपए, 8 मोबाइल फोन करीब 27 हजार 500 रुपए और ताश की 52 पत्तियां सहित जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाला फट्टा और दरी जब्त की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मरवाही क्षेत्र के साथ-साथ पड़ोसी जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के निवासी भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ के दौरान जुआ फड़ संचालित करने वाले दो मुख्य आरोपियों के नाम सामने आए हैं, जिनकी पहचान नान्हू उर्फ महिपाल सिंह निवासी ग्राम उषाढ और बाली उर्फ बालमुकुंद गुप्ता निवासी ग्राम बरौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पुलिस की दबिश के दौरान दोनों आरोपी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
इधर, इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है। गौरेला मुख्यालय में लंबे समय से खुलेआम चल रहे सट्टा कारोबार को लेकर लोगों का कहना है कि छोटे जुआ फड़ पर कार्रवाई तो हुई, लेकिन बड़े सट्टा सिंडिकेट पर अभी तक सख्ती नहीं दिख रही। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह कार्रवाई महज खानापूर्ति है या पुलिस बड़े सट्टा नेटवर्क पर भी शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!