गौरेला में ‘नो एंट्री’ नियमों की उड़ीं धज्जियां: त्योहारी बाजार में घुसे भारी वाहन, ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त, पुलिस नदारद

0

गौरेला। त्योहार के सीजन में नगर गौरेला के मुख्य बाजार में नियमों को ताक पर रखकर भारी वाहनों का प्रवेश धड़ल्ले से जारी है। ‘नो एंट्री’ लागू होने के बावजूद मुख्य मार्ग और संकरी बाजार की सड़कों पर दिनदहाड़े ट्रक, बसें और ट्रैक्टर घुस रहे हैं, जिससे पूरे नगर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

 

त्योहार के चलते बाजार में सुबह से ही ग्राहकों और पैदल राहगीरों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी दौरान भारी वाहनों की आवाजाही के कारण घंटों लंबा जाम लग रहा है। पैदल चलने वालों के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालकों को निकलने तक की जगह नहीं मिल पा रही है।

 

संकरी गलियों में भारी वाहनों के फंसने से दुकानदारों का व्यापार भी प्रभावित हो रहा है और किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

 

हैरानी की बात यह है कि नगर में व्यवस्था संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस कहीं नजर नहीं आ रही है। प्रमुख चौराहों और नो-एंट्री पॉइंट से पुलिसकर्मियों के नदारद रहने के कारण भारी वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं।

 

स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में प्रशासन की इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों की मांग है कि त्योहारी सीजन को देखते हुए नगर में नो-एंट्री के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और संवेदनशील चौराहों पर तत्काल यातायात पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed