आग बुझाए या फर्श धोए,शहडोल जिले के धनपुरी में आग बुझाने वाली गाड़ी से फर्श की धुलाई और हो रही सिंचाई,धनपुरी नगरपालिका की फायर ब्रिगेड पर उठे सवाल
आग बुझाए या फर्श धोए,शहडोल जिले के धनपुरी में आग बुझाने वाली गाड़ी से फर्श की धुलाई और हो रही सिंचाई,धनपुरी नगरपालिका की फायर ब्रिगेड पर उठे सवाल
अखण्ड प्रताप सिंह की रिपोर्ट

शहडोल । जब आग लगती है, तब यही फायर ब्रिगेड लोगों की जान और संपत्ति बचाने के लिए दौड़ती है, लेकिन जब आग बुझाने वाली गाड़ी फर्श धोने और सिंचाई करने लगे, तो सवाल उठना लाजिमी है! जी हां, शहडोल संभाग की चर्चित नगरपालिका धनपुरी में कुछ ऐसा ही नजारा सामने आया है। यहां शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में विवादों के बीच हुए सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान फायर ब्रिगेड वाहन से फर्श की धुलाई और सिंचाई कराई जा रही है। अब सवाल यह है कि क्या आपातकालीन सेवा के लिए तैनात फायर ब्रिगेड नगरपालिका के सामान्य कामों के लिए है। आखिर सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल की यह कैसी कार्यप्रणाली है और इसकी जवाबदेही किसकी है…

शहडोल जिले के धनपुरी नगरपालिका क्षेत्र के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया है। यह कार्य पहले से ही विवादों के बीच चर्चा में रहा है। अब इसी परिसर में धनपुरी नगरपालिका की फायर ब्रिगेड वाहन से फर्श की धुलाई और सिंचाई कराया जा रहा है।नियमित रूप से फायर ब्रिगेड वाहनों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रखना जरूरी है। ऐसे में यदि इन वाहनों का इस्तेमाल सामान्य सफाई और सिंचाई जैसे कार्यों में किया जाता है, तो यह जानना भी जरूरी हो जाता है कि इसके लिए सक्षम अधिकारियों की अनुमति ली गई है या नहीं।
फायर ब्रिगेड का प्राथमिक उद्देश्य आगजनी की घटनाओं पर तत्काल काबू पाना और लोगों की जान-माल की रक्षा करना है। ऐसे में वाहन और संसाधनों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा है, यह महत्वपूर्ण सवाल है। यदि फायर ब्रिगेड को दूसरे कार्यों में लगाया जाता है, तो उसकी उपलब्धता और आपातकालीन तैयारियों पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
धनपुरी नगरपालिका में सामने आए इस मामले में अब यह स्पष्ट होना चाहिए कि फायर ब्रिगेड वाहन को फर्श की धुलाई और सिंचाई के लिए किसके निर्देश पर लगाया गया,क्या नगरपालिका के पास सफाई और सिंचाई के लिए दूसरे संसाधन उपलब्ध नहीं हैं।
अब देखना होगा कि नगरपालिका प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जवाबदेही तय करता है या फिर आपातकालीन सेवा के संसाधनों का इस्तेमाल इसी तरह जारी रहता है।
वही इस मामले में धनपुरी नगरपालिका के सीएमओ अमित तिवारी का कहना है कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है, इस मामले को मै दिखवाता हु।