वन मंडल में सर्प रेस्क्यू प्रशिक्षण आयोजित, 50 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा वन्यजीव संरक्षण और मानव-सर्प संघर्ष कम करने की दिशा में पहल, सर्प मित्रों को वितरित की गई रेस्क्यू किट
वन मंडल में सर्प रेस्क्यू प्रशिक्षण आयोजित, 50 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
वन्यजीव संरक्षण और मानव-सर्प संघर्ष कम करने की दिशा में पहल, सर्प मित्रों को वितरित की गई रेस्क्यू किट
कटनी।। वन्यजीव संरक्षण तथा मानव-सर्प संघर्ष को कम करने के उद्देश्य से कटनी वन मंडल द्वारा सर्प रेस्क्यू एवं सर्पदंश जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें वन विभाग, पुलिस विभाग, नगर निगम, होमगार्ड के कर्मचारी तथा स्थानीय सर्प मित्र शामिल रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विभिन्न प्रजातियों के सांपों की पहचान, विषैले एवं गैर-विषैले सर्पों के बीच अंतर तथा सर्पदंश की स्थिति में अपनाए जाने वाले प्राथमिक उपचार की जानकारी दी। इसके साथ ही सुरक्षित सर्प रेस्क्यू तकनीकों एवं रेस्क्यू के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण व्यावहारिक प्रदर्शन रहा, जिसमें प्रतिभागियों को सर्पों को सुरक्षित तरीके से पकड़ने और उन्हें प्राकृतिक वातावरण में छोड़ने की प्रक्रिया समझाई गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य विभिन्न विभागों के कर्मचारियों एवं प्रशिक्षित सर्प मित्रों को आपात परिस्थितियों में प्रभावी, सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के लिए तैयार करना था, ताकि मानव जीवन एवं वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
समापन अवसर पर बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पांडेय एवं बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह की उपस्थिति में स्थानीय सर्प मित्रों को सर्प रेस्क्यू किट वितरित की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने सर्प मित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देते हैं, बल्कि आमजन में जागरूकता और सुरक्षा की भावना भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के अनुभव एवं सुझाव साझा किए गए तथा भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया गया।