लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर एसपी ने दिया जोर

0

शहडोल। पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया है कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों की तामील तथा संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यह निर्देश उन्होंने शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने जिले में लंबित अपराधों एवं पुलिस कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने तीन माह से अधिक समय से लंबित अपराधों, 60 दिनों से अधिक समय से लंबित बलात्कार संबंधी प्रकरणों, लंबित चालानों, नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी, लंबित मर्ग प्रकरणों तथा विभिन्न शिकायतों की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा विवेचना में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण से आमजन का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास बढ़ेगा और अपराध नियंत्रण में भी सहायता मिलेगी। बैठक में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, माइनर एक्ट के तहत की गई कार्यवाही तथा लंबित वारंटों की थाना-वार समीक्षा भी की गई।

पुलिस मुख्यालय द्वारा विवेचना कार्य को तकनीकी रूप से अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उपलब्ध कराए गए टैबलेट का वितरण जिले के सभी थाना प्रभारियों को किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों को टैबलेट के उपयोग और इसके माध्यम से विवेचना कार्य को बेहतर बनाने संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी तथा मामलों के निस्तारण में तेजी लाने में मदद मिलेगी।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और पुलिस मुख्यालय के निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। पुलिस विभाग द्वारा लंबित मामलों के निस्तारण और तकनीकी संसाधनों के उपयोग की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *