तेज रफ्तार और नशे का कहर: बाइक की टक्कर से 2 की मौत, 4 घायल

0

प्रशांत कुमार मिश्रा मरवाही

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। मरवाही-लोहारी मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और नशे में धुत एक बाइक चालक ने राह चलते 5 लोगों को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में बाइक चालक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।

नशे में तेज रफ्तार बना हादसे की वजह

जानकारी के अनुसार ग्राम गनाया निवासी 18 वर्षीय दुर्गेश यादव शराब के नशे में तेज गति से बाइक चला रहा था। इसी दौरान उसने सड़क पर चल रहे पांच लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मरवाही निवासी सोनू चंद्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं आदित्य केवट (17), योगेश्वर केवट (19), किशन केवट (17, निवासी विशेषरा) और ईश्वर केवट (18,) गंभीर रूप से घायल हो गए।

उपचार के दौरान चालक की भी मौत

हादसे में बाइक चालक दुर्गेश यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मरवाही में भर्ती कराया गया, जहां से तीन गंभीर घायलों को संजीवनी 108 एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दुर्गेश यादव की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में जुटी

मरवाही पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed