मरवाही में धूमधाम से मनाई गई भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती
प्रशांत कुमार मिश्रा मरवाही
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती के अवसर पर मरवाही में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डॉ. भीमराव अंबेडकर युवा मंच मरवाही के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विभिन्न वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके विचारों और सामाजिक योगदान पर विस्तृत प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो पूरे नगर मरवाही में भ्रमण करते हुए सभा स्थल पर पहुंची।
इस गरिमामय आयोजन में मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची जी के साथ पूर्व विधायक डॉ. के. के. ध्रुव, जिला पंचायत सदस्य बूंदकुंवर मस्को, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शुभम पेंद्रो सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें लोगों ने डॉ. अंबेडकर के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।