शहर को मिली 72 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात विधायक व निगमाध्यक्ष की विशेष मौजूदगी में कई वार्डों में एक साथ भूमिपूजन संपन्न विधायक की अनुशंसा पर स्वीकृत मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास निधि से बुनियादी सुविधाओं को मजबूती
शहर को मिली 72 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात
विधायक व निगमाध्यक्ष की विशेष मौजूदगी में कई वार्डों में एक साथ भूमिपूजन संपन्न
विधायक की अनुशंसा पर स्वीकृत मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास निधि से बुनियादी सुविधाओं को मजबूती
कटनी।। विधायक संदीप जायसवाल की अनुशंसा पर स्वीकृत मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास निधि अंतर्गत नगर के विकास कार्यों एवं बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए नगर निगम को प्राप्त राशि से रविवार को शहर के तीन वार्डों में करीब 72 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन भव्यतापूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती शीला अज्जू सोनी, ओमप्रकाश बल्ली सोनी, विनोद लाला यादव भुट्टू सहित मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ रमेश सोनी, पार्षद राजेश भास्कर, लव साहू, शशिकांत तिवारी, सचिन सोनू बहरे, श्रीमती प्रभा गुप्ता, सुमित्रा रावत, जगन्नाथ स्वामी ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रमोद सरावगी, विजय ठाकुर, समाज सेवी रौनक खंडेलवाल, मंडल अध्यक्ष संजू गर्ग, विक्रम खंपरिया, विष्णु सोनी सहित क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
नगर निगम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के तहत गणेश प्रसाद मसुरहा वार्ड में 13 लाख रुपये की लागत से सीसी नाली निर्माण, इंदिरा गांधी वार्ड में 17 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण एवं 15 लाख रुपये की लागत से सीसी नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ। वहीं रवीन्द्रनाथ टैगोर वार्ड में 27 लाख रुपये की लागत से खेल मैदान की बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य का भूमिपूजन पूर्ण विधि विधान के साथ स्थानीय नागरिकों के हस्ते संपन्न हुआ।
विधायक श्री जायसवाल ने नगर के विभिन्न वार्डों के विकास हेतु राशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली एवं खेल मैदान में बाउंड्रीवाल निर्माण से न केवल बुनियादी सुविधाएं सुदृढ़ होंगी, बल्कि खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। विधायक श्री जायसवाल ने शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं एवं नगर में कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों ब्रिज निर्माण, बाईपास, महिला कॉलेज, जागृति पार्क, कंप्यूटर लेब, खेल मैदान, कॉलेज, स्कूल, सहित नगर के अन्य विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि विकास कार्य एक रुपता के साथ कराए जा सकें इसलिए अलग अलग अंग पार्षद, मेयर, विधायक और सांसद के रूप में बनाए गए है। उसी के हिसाब से अलग अलग विकास कार्यों की श्रेणियां एवं अधिकारिता चिन्हित की गई है। विधायक श्री जायसवाल ने कहा कि नगर के सभी वार्डो में एकरूपता से विकास कार्य कराए जा सके इस हेतु मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा 4.5 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है नगर में आगे भी विकास कार्यों का यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।
निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक ने नगर विकास के लिए शासन स्तर से नगर निगम को निधि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं विधायक श्री जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर के सभी वार्डों में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सके। श्री पाठक ने क्षेत्रीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि विकास कार्यों के दौरान सहयोग प्रदान करें तथा निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालकर नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
भूमिपूजन करने पहुंचे विधायक श्री जायसवाल, निगमाध्यक्ष श्री पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा जोरदार स्वागत करते हुए वार्ड विकास हेतु आगे भी इसी तरह से सहयोग प्रदान करने की बात कही। इस दौरान विधायक श्री जायसवाल द्वारा क्षेत्रीय नागरिकों की समस्या सुनते हुए उनका यथोचित निराकरण कराने की बात कही। तथा स्थानीय मातृशक्तियों की मांग पर रामायण मंडली की सामग्री प्रदान करने सहित अन्य विकास कार्य कराये जाने की घोषणा भी की कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिकों मातृ शक्ति सहित नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।