एमईएस कॉलोनी में कॉस्मेटिक कारोबारी के सूने मकान से 5 लाख की चोरी सीसीटीवी में कैद हुए चोर, सामान ले जाते दिखे पुलिस के लिए बढ़ी चुनौती
एमईएस कॉलोनी में कॉस्मेटिक कारोबारी के सूने मकान से 5 लाख की चोरी
सीसीटीवी में कैद हुए चोर, सामान ले जाते दिखे पुलिस के लिए बढ़ी चुनौती
कटनी में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। माधवनगर की एमईएस कॉलोनी में कॉस्मेटिक कारोबारी के सूने मकान से करीब 5 लाख रुपये की चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राहत की बात यह है कि वारदात के बाद चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
कटनी। शहर में लगातार बढ़ रही घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अभी हाल की कई चोरी की वारदातों का खुलासा भी नहीं कर सकी थी कि उपनगरीय क्षेत्र माधवनगर की एमईएस कॉलोनी में एक और बड़ी चोरी की घटना सामने आ गई। अज्ञात चोर एक कॉस्मेटिक कारोबारी के सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 2 लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चोर चोरी के बाद सामान ले जाते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।
कॉस्मेटिक कारोबारी अनिल कलवानी ने बताया कि
दिनांक 06/07/2026 दिन रविवार की शाम को 6:00 बजे वह पत्नी और बच्चों के साथ मकान में ताला लगाकर अपने ससुराल गए हुए थे। इसी दौरान रविवार और सोमवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे 1 लाख 95 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, लॉकेट, कान की बालियां तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। उनके अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई गई हैं ।
परिवार के साथ वापस लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल माधवनगर पुलिस को सूचना दी। पीड़ित का कहना है कि जब वह शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो मौजूद स्टाफ ने थाना प्रभारी के आने के बाद एफआईआर दर्ज किए जाने की बात कही।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात के बाद चोर सामान लेकर जाते हुए कैद हो गए हैं। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। शहर में लगातार हो रही चोरी और चाकूबाजी की घटनाओं से नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। अब देखना होगा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर माधवनगर पुलिस इस सनसनीखेज चोरी का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है।
सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद अब इस चोरी के जल्द खुलासे की उम्मीद बढ़ गई है। हालांकि लगातार बढ़ती चोरी और चाकूबाजी की घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। नागरिकों की नजरें अब पुलिस पर टिकी हैं कि वह आरोपियों को कब तक गिरफ्तार कर चोरी का पर्दाफाश करती है।