केवलारी मार्ग पर सड़क किनारे दिखा बाघ, ग्रामीणों में दहशत चार दिन में दूसरी बार टाइगर मूवमेंट से बढ़ी चिंता, वन विभाग ने तेज की गश्त
केवलारी मार्ग पर सड़क किनारे दिखा बाघ, ग्रामीणों में दहशत
चार दिन में दूसरी बार टाइगर मूवमेंट से बढ़ी चिंता, वन विभाग ने तेज की गश्त
कटनी। जिले के बरही वन परिक्षेत्र अंतर्गत केवलारी गांव के पास गुरुवार को सड़क किनारे एक वयस्क बाघ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। बाघ की सड़क किनारे मौजूदगी का वीडियो राहगीरों द्वारा मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, केवलारी मार्ग से गुजर रहे लोगों ने बाघ को कुछ देर तक सड़क किनारे शांत अवस्था में खड़े देखा। इसके बाद वह झाड़ियों की ओर चला गया। बाघ को सामने देखकर राहगीर सहम गए और सुरक्षित दूरी से उसका वीडियो बनाकर वन विभाग को सूचना दी।
चार दिन में दूसरी बार दिखा बाघ
बरही वन परिक्षेत्र में लगातार टाइगर मूवमेंट ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले 5 सितंबर को समीपी बरमानी गांव में किसान मनीष यादव के खेत के पास बाघ देखा गया था। महज चार दिनों के अंतराल में केवलारी और बरमानी क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी सामने आने से खेतों में काम करने वाले किसानों और जंगल से लगे मार्गों पर आवागमन करने वाले ग्रामीणों में भय का माहौल है।
वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर गश्त और सर्चिंग अभियान तेज कर दिया। वन अधिकारियों के मुताबिक बाघ आबादी वाले क्षेत्र से निकलकर घने जंगल की ओर चला गया है, लेकिन उसकी गतिविधियों को देखते हुए वन अमले को सतर्क रखा गया है।
वन विभाग ने केवलारी, बरमानी सहित आसपास के गांवों के लोगों से अपील की है कि रात और तड़के अकेले खेतों या जंगल से लगे रास्तों पर जाने से बचें। ग्रामीण समूह में ही बाहर निकलें और आवश्यक होने पर टॉर्च व लाठी साथ रखें। बाघ दिखाई देने पर उसके करीब जाने, उसे घेरने अथवा फोटो-वीडियो बनाने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।