जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देने वाले नेतृत्व का उदाहरण बने विवेक शुक्ला जिला पत्रकार संघ को जल्द मिलेगा नया अध्यक्ष, पत्रकार जगत ने निर्णय को बताया गरिमामय

0

जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देने वाले नेतृत्व का उदाहरण बने विवेक शुक्ला
जिला पत्रकार संघ को जल्द मिलेगा नया अध्यक्ष, पत्रकार जगत ने निर्णय को बताया गरिमामय
कटनी। वर्षों से जिले के पत्रकारों की आवाज़ बनकर कार्य कर रहे जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष विवेक शुक्ला ने संगठन की गरिमा और व्यक्तिगत जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए पद छोड़ने का मन बनाया है। उनके इस निर्णय को पत्रकार जगत में एक संवेदनशील, जिम्मेदार और लोकतांत्रिक सोच के रूप में देखा जा रहा है।
जिला पत्रकार संघ, जो जिले के पत्रकारों के हितों और अधिकारों के लिए लंबे समय से सक्रिय रहा है, उसके नेतृत्व में विवेक शुक्ला ने सदैव पत्रकार एकता, निष्पक्षता और संगठनात्मक मजबूती को प्राथमिकता दी। अपने कार्यकाल में उन्होंने अनेक पत्रकार साथियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और संगठन को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सूत्रों के अनुसार विवेक शुक्ला ने बढ़ती उम्र, पारिवारिक दायित्वों और संगठन को नए नेतृत्व के हाथों सौंपने की भावना से यह निर्णय लिया है। उन्होंने इस संबंध में जिला पत्रकार संघ के संस्थापक वरिष्ठ पत्रकार कृष्णकांत अग्रिहोत्री भोला बाबू तथा संघ के संरक्षक एवं विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक व पूर्व मंत्री Sanjay Satyendra Pathak को भी अवगत करा दिया है।
पत्रकारों के बीच यह चर्चा है कि विवेक शुक्ला का यह कदम संगठनात्मक मर्यादा और जिम्मेदारी का परिचायक है। कई पत्रकार साथियों ने कहा कि किसी भी संस्था को समय-समय पर नए नेतृत्व और नई ऊर्जा की आवश्यकता होती है, और विवेक शुक्ला ने स्वयं आगे बढ़कर लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने का कार्य किया है।
शीघ्र ही जिला पत्रकार संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आगामी चुनाव प्रक्रिया और नए अध्यक्ष के चयन को लेकर चर्चा होगी। संघ से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों ने जिले के पत्रकार साथियों से सदस्यता लेकर संगठन की नई कार्यकारिणी के गठन में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील भी की है।
पत्रकार जगत में यह माना जा रहा है कि पद छोड़ने के बाद भी विवेक शुक्ला का अनुभव और मार्गदर्शन संगठन को पूर्व की तरह मिलता रहेगा तथा उनका योगदान हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed