संघ के 101वें स्थापना वर्ष पर कटनी में गूंजा संगठन और अनुशासन का संदेश, तीन स्थानों से निकला भव्य पथ संचलन फॉरेस्टर प्लेग्राउंड में हुआ समापन, पुष्पवर्षा और दीप प्रज्वलन से विभिन्न संगठनों ने किया स्वयंसेवकों का स्वागत

0

संघ के 101वें स्थापना वर्ष पर कटनी में गूंजा संगठन और अनुशासन का संदेश, तीन स्थानों से निकला भव्य पथ संचलन
फॉरेस्टर प्लेग्राउंड में हुआ समापन, पुष्पवर्षा और दीप प्रज्वलन से विभिन्न संगठनों ने किया स्वयंसेवकों का स्वागत
कटनी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 101वें स्थापना वर्ष के अवसर पर कटनी नगर में विजयादशमी उत्सव एवं भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। अनुशासन, एकजुटता और संगठन शक्ति का परिचय देते हुए स्वयंसेवक एक साथ तीन अलग-अलग स्थानों से पथ संचलन के लिए निकले। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए तीनों संचलन फॉरेस्टर प्लेग्राउंड पहुंचे, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान जगह-जगह विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने पुष्पवर्षा और दीप प्रज्वलन कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केल्ड्रीज इंडिया कटनी के प्रबंधक प्रियव्रत विश्वास ने कहा कि संघ का अनुशासन अनुकरणीय है। संघ के स्वयंसेवक सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में अपनी अमिट छाप छोड़ते हैं। कटनी में इतनी बड़ी संगठित शक्ति को समाज परिवर्तन के लिए कार्य करते देखना सुखद अनुभव है। समाज की यही संगठित शक्ति देश को विकास के पथ पर आगे ले जा सकती है। उन्होंने सभी से समाजहित के कार्यों में मिलकर आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं सागर से पधारे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र सामाजिक समरसता संयोजक सुनील देव ने कहा कि सभी विजय का सूत्र संगठन है। 101 वर्ष पूर्व विजयादशमी के दिन ही डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी। भारत को पुनः परम वैभव के शिखर पर पहुंचाने के लिए संपूर्ण हिंदू समाज को संगठित, स्वाभिमानी और शक्तिशाली बनाना आवश्यक है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को तन, मन और धन से समाजहित के कार्यों में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य समाज के बीच जाकर ऐसे कार्य करना है, जिनसे भारत समृद्ध बने और विश्व गुरु के पद पर प्रतिष्ठित हो। इसी संकल्पना के तहत पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज परिवर्तन का प्रयास किया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण, जल का समुचित उपयोग और सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध जैसे विषयों पर समाज को सामूहिक रूप से आगे आना होगा।
कार्यक्रम के मंच पर विभाग संघचालक विपिन तिवारी एवं नगर संघचालक किशोर ओचानी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला संघचालक डॉ. अमित साहू, प्रांतीय अधिकारी राजकुमार जैन, विभाग कार्यवाह अमित कनकने, जिला कार्यवाह संजय त्रिपाठी सहित संघ के अन्य पदाधिकारी, बड़ी संख्या में मातृशक्ति, प्रबुद्ध नागरिक एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

तीन स्थानों से निकला संचलन, जगह-जगह हुआ स्वागत
संघ के 101वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस पथ संचलन में स्वयंसेवकों का उत्साह और अनुशासन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। नगर के तीन अलग-अलग स्थानों से प्रारंभ हुए संचलन निर्धारित मार्गों से होते हुए फॉरेस्टर प्लेग्राउंड पहुंचे। मार्ग में विभिन्न संगठनों एवं नागरिकों ने पुष्पवर्षा और दीप प्रज्वलन के माध्यम से स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया। पूरे आयोजन में संगठन शक्ति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रसेवा का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed