राज्य स्थापना दिवस पर याद किए गए अटल बिहारी वाजपेयी, दीप प्रज्वलित कर दी श्रद्धांजलि नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया नमन

0

 

गौरेला। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद गौरेला के वार्ड क्रमांक 10 स्थित अटल परिसर में भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे, उपाध्यक्ष रोशनी तापस शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि दी।

 

कार्यक्रम में पार्षद मनोज विश्वकर्मा, भाजपा जिला मंत्री बालकृष्ण अग्रवाल, मनोनीत पार्षद रामप्रकाश सिंह, भाजपा नेता सचिन जैन, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शंकर सोनी, तापस शर्मा, शैलेश गुप्ता, हिमांशु साहू, दिनेश गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके नेतृत्व और दूरदर्शी सोच ने देश को नई दिशा दी। छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में भी उनका ऐतिहासिक योगदान सदैव याद किया जाएगा। उनका व्यक्तित्व और विचार आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते रहेंगे।

 

वहीं नगर पालिका उपाध्यक्ष रोशनी तापस शर्मा ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि संवेदनशील व्यक्तित्व, ओजस्वी वक्ता और कुशल राष्ट्रनायक थे। छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना में उनका योगदान प्रदेशवासियों के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उनके आदर्श, विचार और राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

 

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने और राष्ट्र एवं प्रदेश के विकास में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed