संपन्न हुआ राहगीरी डे का दसवां संस्करण, शांतिनगर में उमड़ा जनसैलाब सांसद विष्णु दत्त शर्मा, महापौर श्रीमती प्रीति सूरी की मौजूदगी में स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता का दिखा अनूठा संगम

0

संपन्न हुआ राहगीरी डे का दसवां संस्करण, शांतिनगर में उमड़ा जनसैलाब
सांसद विष्णु दत्त शर्मा, महापौर श्रीमती प्रीति सूरी की मौजूदगी में स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता का दिखा अनूठा संगम
कटनी।। स्वच्छ भारत मिशन को जनभागीदारी से जन-आंदोलन बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा आयोजित ‘राहगीरी डे कटनी कैंपेन’ का दसवां संस्करण रविवार को हेमू कालाणी वार्ड स्थित शांतिनगर मार्ग पर उत्साह और जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ। खजुराहो लोकसभा सांसद विष्णु दत्त शर्मा, महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कुछ घंटों के लिए ‘नो-व्हीकल जोन’ में बदली सड़क पर नागरिकों ने स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम स्थल सुबह से ही जनउत्साह का केंद्र बना रहा, जहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
खेल, संस्कृति और स्वास्थ्य गतिविधियों से गूंजा शांतिनगर
बच्चों ने पेंटिंग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छ शहर का संदेश दिया, वहीं युवाओं ने जुंबा, रस्साकशी, हॉर्स राइडिंग और एयर गन गतिविधियों में हिस्सा लिया। वरिष्ठ नागरिकों ने योग एवं प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली का संदेश दिया। सांप-सीढ़ी, पिट्टू, मटकी फोड़ और नींबू-चम्मच जैसी पारंपरिक गतिविधियों ने आयोजन को पारिवारिक उत्सव का स्वरूप दिया।
कार्यक्रम में सांसद ने स्वयं विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन का विषय नहीं बल्कि जनभागीदारी का अभियान है और नागरिक जागरूकता ही शहर को नई पहचान देती है।


स्वच्छता शपथ और हरित संदेश बना आकर्षण
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और स्वच्छता मित्रों का सम्मान किया गया तथा प्रतिभागियों को तुलसी का पौधा एवं कपड़े का थैला भेंट कर हरित संदेश दिया गया।
जागरूकता का बना जन-अभियान
नुक्कड़ नाटक, फोर बिन मॉडल, इको-ब्रिक्स निर्माण और सिंगल यूज प्लास्टिक उन्मूलन संबंधी गतिविधियों ने नागरिकों को व्यवहारिक सीख दी। आयोजन ने एक बार फिर संदेश दिया कि ‘मेरा शहर–मेरी जिम्मेदारी’ केवल नारा नहीं बल्कि सामूहिक संकल्प है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर, चिकित्सकों, उद्योगपतियों तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed