11 तोते को पिंजरे से आजाद कर जंगल में छोड़ गया, वन्य प्राणी अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई
11 तोते को पिंजरे से आजाद कर जंगल में छोड़ गया, वन्य प्राणी अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई

कटनी ॥ इन्द्रानगर बाइपास से वन विभाग की टीम ने एक युवक को तोते बेचने के आरोप में पकड़ा गया है। युवक के पास से 11 तोते जब्त कर उन्हें पिंजरे से आजाद कर जंगल में छोड़ दिया गया है। युवक के खिलाफ वन्य प्राणी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। वन विभाग के वन परिक्षेत्र अधिकारी एलएन चौधरी ने बताया कि वन विभाग की टीम के साथ जंगल गश्त के दौरान इंद्रानगर बाइपास रोड के पास जीआई तार से बने पिंजरों में 11 नग तोते बेचते हुए युवक मिला। पूछताछ में युवक ने अपना नाम कन्हैया बर्मन निवासी बैलेटघाट अंबेडकर वार्ड बताया। आरोपी के खिलाफ वन विभाग की टीम ने वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार जंगल का भ्रमण कर ऐसे युवकों की खोजबीन करती है जो वन्य प्राणियों का जंगल से ले जाकर उसे बेचने का कार्य करते हैं। वन्य प्राणी अधिनियम के तहत ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जा रही है जिनके द्वारा वन्य जीवों को विक्रय किया जाता है।