जिला बदर आरोपी गुड्डू अकरम गिरफ्तार,धनपुरी पुलिस की तत्परता से बड़ा अपराध टला, न्यायालय ने भेजा जेल
शहडोल। जिले के थाना धनपुरी पुलिस ने जिला बदर किए गए एक आरोपी को प्रतिबंधित क्षेत्र में घूमते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गुड्डू अकरम उर्फ राशिद पिता मो. सदरे आलम उर्फ अल्लू, उम्र 29 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 16, कच्छी मोहल्ला, धनपुरी थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 में आरोपी की आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से म.प्र. राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 5, 6 एवं 7 के तहत कार्यवाही करते हुए पुलिस ने जिला दण्डाधिकारी शहडोल के समक्ष इस्तगासा पेश किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला दण्डाधिकारी ने आरोपी को दिनांक 29 अप्रैल 2025 को शहडोल एवं सीमावर्ती जिलों उमरिया, अनूपपुर, सीधी एवं मैहर से छह माह के लिए निष्काषित करने का आदेश जारी किया था।
यह आदेश दिनांक 04 मई 2025 को आरोपी को तामील कराते हुए उसे शहडोल जिला एवं अन्य संबंधित जिलों की सीमा से बाहर किया गया था।
इसके बावजूद दिनांक 05 अगस्त 2025 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी गुड्डू अकरम उर्फ राशिद धनपुरी के कच्छी मोहल्ला स्थित जामा मस्जिद के पास देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को मौके से धर दबोचा।
सरकारी आदेश की अवहेलना करते हुए क्षेत्र में पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध थाना धनपुरी में अपराध क्रमांक 270/2025 धारा 223 BNS एवं धारा 14 म.प्र. राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
यह पूरी कार्यवाही पुलिस अधीक्षक , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी धनपुरी के निर्देशन में की गई। कार्यवाही में निरीक्षक खेमसिंह पेन्द्रो, सहायक उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह, राकेश सिंह एवं आरक्षक गुलाब सिंह की सराहनीय भूमिका रही।