मैदान में उतरीं,सीधी निगरानी और तुरंत कार्रवाई माधवनगर में निगमायुक्त परिहार का सुशासन मॉडल हर व्यवस्था पर लिया एक्शन, लापरवाही पर नोटिस और समाधान के सख्त निर्देश

0

मैदान में उतरीं,सीधी निगरानी और तुरंत कार्रवाई
माधवनगर में निगमायुक्त परिहार का सुशासन मॉडल
हर व्यवस्था पर लिया एक्शन, लापरवाही पर नोटिस और समाधान के सख्त निर्देश
कटनी।। जब प्रशासन जनता तक पहुंचता है, तब भरोसा बनता है—इसका सजीव उदाहरण माधवनगर में देखने को मिला, जब नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने क्षेत्रीय निरीक्षण के साथ जनसुनवाई कर नागरिकों की समस्याएं सीधे सुनीं। नगर निगम आयुक्त ने माधवनगर क्षेत्र में स्वयं पहुंचकर यह स्पष्ट कर दिया कि नागरिक सुविधाओं में लापरवाही अब नहीं चलेगी। सफाई, पेयजल, जल निकासी, अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने मौके पर ही कमियों को चिन्हित किया और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के साथ ही माधवनगर उपकार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में निगमायुक्त ने नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कहा कि हर आवेदन का समाधान जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में अधिकारियों को चेताया कि जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
निगमायुक्त सुश्री परिहार ने बाबा नारायण शाह वार्ड, हेमू कालाणी वार्ड एवं आचार्य कृपलानी वार्ड का भ्रमण कर सफाई एवं जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया। जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर उन्होंने पानी की टंकी और संपवेल का निरीक्षण कर उपयंत्री से जल परीक्षण, टंकी सफाई की नियमितता तथा गुणवत्ता संबंधी जानकारी ली। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि नागरिकों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रतिदिन वार्ड स्तर पर जल गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत चैराहा स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स में अव्यवस्थाएं पाए जाने पर निगमायुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सुलभ संचालक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, जिससे साफ संदेश गया कि जनसुविधाओं में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी।
उन्होंने शासकीय औषधालय माधवनगर एवं आसपास की नगर निगम भूमि का निरीक्षण कर नालों की सफाई, अतिक्रमण हटाने, अवैध नल कनेक्शन पर कार्यवाही, मार्गों पर रखी निर्माण सामग्री जब्ती तथा यातायात को सुगम बनाने के निर्देश दिए। हरे माधव चौक से जुड़े मार्ग पर कराए गए रेस्टोरेशन कार्य का निरीक्षण कर वायु गुणवत्ता सुधार हेतु शोल्डर कार्य का प्रस्ताव तैयार कराने को कहा गया। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से समदड़िया आभूषण के पास बने नाले के चैंबर की शीघ्र मरम्मत के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के पश्चात माधवनगर उपकार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में निगमायुक्त सुश्री परिहार ने नागरिकों के आवेदनों,अनुमति विपरीत निर्माण, कल्याणी पेंशन, अनापत्ति प्रमाण पत्र, जलापूर्ति, अतिक्रमण, समग्र आईडी लिंकिंग सहित अन्य समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में जवाबदेही के साथ निराकरण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। कई मामलों में उनके निर्देश पर मौके पर ही त्वरित कार्यवाही भी कराई गई।
पूरे निरीक्षण एवं जनसुनवाई के दौरान निगमायुक्त की सक्रियता, संवेदनशीलता और जवाबदेही स्पष्ट रूप से देखने को मिली। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि क्षेत्र में पाई गई कमियों का शीघ्र समाधान कर नियमित निगरानी के माध्यम से व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए, ताकि नागरिकों को वास्तव में बेहतर और भरोसेमंद नगर सेवाएं मिल सकें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed