15 जिलों के 5374 युवाओं को मिला देशसेवा का अवसर, झिंझरी में 13 फरवरी से अग्निवीर भर्ती रैली, प्रशासन ने पूरी की व्यापक तैयारियाँ

0

15 जिलों के 5374 युवाओं को मिला देशसेवा का अवसर, झिंझरी में 13 फरवरी से अग्निवीर भर्ती रैली, प्रशासन ने पूरी की व्यापक तैयारियाँ
कटनी।। देशसेवा का सपना संजोए युवाओं के लिए सुनहरा अवसर लेकर भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली 13 फरवरी से जिले के झिंझरी स्थित पुलिस लाइन मैदान में प्रारंभ हो रही है। इस भर्ती रैली में मध्यप्रदेश के 15 जिलों के कुल 5,374 युवाओं को आमंत्रित किया गया है, जो विभिन्न तिथियों में शारीरिक, चिकित्सीय परीक्षण एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया से गुजरेंगे।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा रैली स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। भर्ती प्रक्रिया को सुचारू, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए यातायात प्रबंधन, पर्याप्त पेयजल, शौचालय व्यवस्था, दौड़ ट्रैक का समतलीकरण, फायर ब्रिगेड वाहन, एंबुलेंस, मेडिकल स्टाफ तथा कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इस भर्ती रैली में कटनी, जबलपुर, अनुपपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, मंडला, मऊगंज, नीमच, रीवा, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और उमरिया जिलों के युवा भाग लेंगे।
14 फरवरी : सिवनी, बालाघाट, मंडला – 548 युवा
15 फरवरी : मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, डिंडौरी – 762 युवा
16 फरवरी : रीवा – 843 युवा
17 फरवरी : सतना – 783 युवा
18 फरवरी : जबलपुर, कटनी, शहडोल, उमरिया, अनुपपुर – 785 युवा
19 फरवरी : सभी 15 जिले – 730 युवा
20 फरवरी : सभी जिले – 638 युवा
23 फरवरी : मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ के सभी जिलों की 285 महिला अभ्यर्थी
भर्ती रैली के माध्यम से अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क एवं ट्रेड्समैन पदों के लिए चयन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि रैली में शामिल सभी अभ्यर्थी कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) की लिखित परीक्षा पहले ही उत्तीर्ण कर चुके हैं।
रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, नवीन पासपोर्ट साइज फोटो, सभी आवश्यक शैक्षणिक व पहचान संबंधी दस्तावेज तथा मोबाइल से लिंक आधार नंबर अनिवार्य रूप से लाना होगा।
झिंझरी में आयोजित यह अग्निवीर भर्ती रैली न केवल युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने का अवसर प्रदान करेगी, बल्कि क्षेत्र में अनुशासन, राष्ट्रसेवा और रोजगार के प्रति नई ऊर्जा का संचार भी करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed