रफ्तार का कहर: बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत,आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
(मनु मणि तिवारी)अनूपपुर। जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में रफ्तार का कहर देखने को मिला। ग्राम आमाडांड के पास तेज गति से आ रहे एक बेकाबू ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।टक्कर मारकर ट्रक छोड़ फरार हुआ चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
शव रखकर सड़क पर चक्का जाम
दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि आरोपी चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। हालात तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया। काफी समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त कराया गया।
चालक गिरफ्तार, ट्रक जब्त
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक वाहन मालिक अखिलेश जायसवाल बताया जा रहा है, जबकि चालक का नाम मिश्रा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।
वायरल हुआ हादसे का वीडियो
बताया जा रहा है कि दुर्घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में टक्कर के बाद की स्थिति स्पष्ट दिखाई दे रही है। हालांकि, पुलिस ने वीडियो की पुष्टि करते हुए कहा है कि इसकी सत्यता और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यह देखा जा रहा है कि ट्रक की रफ्तार निर्धारित सीमा से अधिक थी या नहीं, चालक नशे में था या नहीं, तथा वाहन के दस्तावेज और फिटनेस वैध थे या नहीं। सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।