मुख्य मार्गों पर अव्यवस्था रोकने व्यापारियों की मांग आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, सौंदर्यीकरण व वैकल्पिक बाजार स्थल तय करने का आग्रह
मुख्य मार्गों पर अव्यवस्था रोकने व्यापारियों की मांग
आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, सौंदर्यीकरण व वैकल्पिक बाजार स्थल तय करने का आग्रह
कटनी।। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और त्योहारों के दौरान होने वाली अव्यवस्था पर रोक लगाने के उद्देश्य से स्टेशन रोड से सुभाष चौक तक के मेन रोड व्यापारीगण ने नगर पालिक निगम की आयुक्त महोदया को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में व्यापारियों ने बताया कि पिछले कई वर्षों से स्टेशन रोड से हनुमान मंदिर होते हुए सुभाष चौक तक सेंट्रल पार्किंग के कारण टू-व्हीलर वाहनों की भीड़ लगती रही, जिससे यातायात बाधित होता था। हाल ही में नगर निगम द्वारा सेंट्रल पार्किंग हटाने के अभियान का व्यापारियों ने स्वागत करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। व्यापारियों की प्रमुख मांग है कि स्टेशन रोड से सुभाष चौक तक सेंट्रल पार्किंग की जगह पर पक्का कंक्रीट डिवाइडर बनाया जाए और उसमें पौधारोपण कर सौंदर्यीकरण किया जाए। उनका कहना है कि इससे त्योहारों के दौरान लगने वाले ठेले, हाट बाजार और अस्थायी दुकानों पर स्वतः रोक लगेगी तथा यातायात बाधित नहीं होगा। इसके साथ ही ज्ञापन में यह भी आग्रह किया गया कि त्योहारों में अस्थायी दुकानों/ठेलों के लिए अलग से उपयुक्त स्थान निर्धारित किया जाए, ताकि व्यापार भी प्रभावित न हो और शहर की यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे। यह ज्ञापन समस्त मेन रोड व्यापारीगण, शेड व्यापारी संघ–कटनी एवं गौड़ व्यापारी संघ–कटनी की ओर से संयुक्त रूप से दिनांक 26 फरवरी 2026 को सौंपा गया। व्यापारियों को उम्मीद है कि नगर निगम शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लेकर शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा।