डामर और सीमेंट सड़कों पर होलिका दहन पर रोक, विद्युत लाइनों के नीचे पूर्ण प्रतिबंध सड़कों की सुरक्षा को लेकर निगम सख्त, मिट्टी-रेत से तय होंगे सुरक्षित स्थल होली पर्व पर नगर निगम अलर्ट, व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
डामर और सीमेंट सड़कों पर होलिका दहन पर रोक, विद्युत लाइनों के नीचे पूर्ण प्रतिबंध सड़कों की सुरक्षा को लेकर निगम सख्त, मिट्टी-रेत से तय होंगे सुरक्षित स्थल
होली पर्व पर नगर निगम अलर्ट, व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
कटनी। नगर में आगामी होली पर्व के दौरान होलिका दहन, धुरेड़ी, भाईदूज एवं रंग पंचमी को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने निगम से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूर्ण कराने हेतु अधिकारियों को स्पष्ट दायित्व सौंपे हैं।
निगमायुक्त द्वारा शैलेष गुप्ता, उपायुक्त को प्रभारी अधिकारी तथा जागेश्वर प्रसाद पाठक, राजस्व अधिकारी को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रभारी अधिकारियों के मार्गदर्शन में मोबाइल फोन चालू रखते हुए व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करें। होली पर्व के दौरान शहर के समस्त सार्वजनिक स्थलों एवं वार्डों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त कर प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाएगी। परंपरागत होलिका दहन स्थलों पर अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि दहन कार्यक्रम विद्युत पोलों से सुरक्षित दूरी पर ही संपन्न हों।
पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान
होली को ध्यान में रखते हुए 3 एवं 4 मार्च को अतिरिक्त जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यकता अनुसार टैंकरों के माध्यम से जल प्रदाय किया जाएगा। वहीं अग्नि दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित नियंत्रण हेतु पानी से भरे टैंकर चालू हालत में रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों, गली-मोहल्लों एवं होलिका स्थलों पर विशेष सफाई, चूने की लाइनिंग तथा दहन उपरांत राख व अवशेषों को तत्काल उठाने के निर्देश दिए गए हैं। सड़कों पर पड़े पत्थरों एवं धूल-कचरे को प्राथमिकता से हटाया जाएगा।
फायर ब्रिगेड व उद्यान विभाग सतर्क अग्नि दुर्घटनाओं से निपटने हेतु फायर ब्रिगेड एवं अग्निशमन दल 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेंगे। 2 मार्च की शाम से एक फायर ब्रिगेड थाना कोतवाली तथा एक थाना माधवनगर में तैनात रहेगी। वहीं 3 एवं 4 मार्च को सुरम्य पार्क परंपरा अनुसार बंद रहेंगे। लोक निर्माण शाखा को निर्देशित किया गया है कि डामरीकृत एवं सीमेंट कंक्रीट सड़कों पर होलिका दहन न होने दिया जाए। इसके लिए संबंधित समितियों से समन्वय कर मिट्टी व रेत की व्यवस्था कराई जाएगी। विद्युत लाइनों के नीचे दहन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। अतिक्रमण दल शहर में निरंतर पेट्रोलिंग कर यह सुनिश्चित करेगा कि सड़कों के मध्य या विद्युत पोलों के समीप होलिका दहन न हो। साथ ही रंग-गुलाल की दुकानों को भी व्यवस्थित कराया जाएगा। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को मुख्यालय में रहकर कार्य करने, शांति समिति की बैठक के निर्णयों का कड़ाई से पालन कराने तथा व्यवस्थाओं की प्रगति से समय-समय पर अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।