शासकीय कार्य में बाधा व अभद्रता पर निगम अध्यक्ष की सख्त प्रतिक्रिया अतिक्रमण दल के साथ मजबूती से खड़े हैं—मनीष पाठक
शासकीय कार्य में बाधा व अभद्रता पर निगम अध्यक्ष की सख्त प्रतिक्रिया
अतिक्रमण दल के साथ मजबूती से खड़े हैं—मनीष पाठक
कटनी।। नगर निगम कटनी के अतिक्रमण विभाग द्वारा नियमानुसार की जा रही शासकीय कार्यवाही के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अभद्र व्यवहार एवं कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए मनीष पाठक, अध्यक्ष नगर निगम कटनी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासकीय कार्य में अवरोध, अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम अध्यक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और आपत्ति दर्ज कराने का अधिकार है, लेकिन उसके लिए विधिसम्मत और शांतिपूर्ण मार्ग अपनाना अनिवार्य है। शासकीय कार्यवाहियों में अव्यवस्था फैलाना, दबाव बनाना या अभद्र भाषा का प्रयोग करना न केवल अनुचित है, बल्कि दंडनीय भी है। नगर हित में की जा रही सभी कार्यवाहियां नियमों एवं न्यायालयीन दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित होती हैं, जिनमें नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है। श्री पाठक ने दो टूक कहा कि अतिक्रमण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी निगम परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। उनके सम्मान, सुरक्षा और मनोबल से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस घटना के बाद उन्होंने पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर दोषियों के विरुद्ध ठोस एवं विधिसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। निगम अध्यक्ष ने नगरवासियों से अपील की कि सुव्यवस्थित शहरी विकास, स्वच्छता और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की आपत्ति या सुझाव को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत प्रस्तुत करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम जनहित के प्रति प्रतिबद्ध है और नगर की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाते रहेंगे।