थाना गौरेला अंतर्गत संचालित समस्त कुरियर सर्विस के डिलेवरी बॉय की बैठक आयोजित, आवश्यक दिशा-निर्देश जारी
gpm – (घनश्याम ठाकुर)- जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम तथा संदिग्ध वस्तुओं के अवैध उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना गौरेला में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
थाना प्रभारी गौरेला, निरीक्षक सौरभ सिंह द्वारा थाना क्षेत्र में संचालित समस्त कुरियर सर्विस कंपनियों के डिलेवरी बॉय को आमंत्रित कर विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में डिलेवरी कर्मियों को निर्देशित किया गया कि यदि किसी ग्राहक द्वारा ऑनलाइन ई–कॉमर्स प्लेटफॉर्म जैसे—Flipkart,Amazon,Meeshoतथा अन्य ऑनलाइन कॉमर्स माध्यमों से चाकू, डैगर (Dagger), नकली बंदूक, एयरगन अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध/आक्रामक सामग्री की खरीदी की जाती है, तो ऐसे मामलों की जानकारी सामान की डिलेवरी से पूर्व अनिवार्य रूप से थाना गौरेला को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
यह निर्देश एहतियातन एवं जनसुरक्षा की दृष्टि से जारी किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक मंशा, दुरुपयोग अथवा सार्वजनिक शांति भंग होने की संभावनाओं को समय रहते रोका जा सके।
बैठक में उपस्थित कुरियर कंपनियाँ
सभी डिलेवरी प्रतिनिधियों को यह भी निर्देशित किया गया कि डिलेवरी के दौरान यदि कोई संदिग्ध गतिविधि, फर्जी पहचान, गलत पता अथवा असामान्य परिस्थिति प्रतीत होती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें एवं ग्राहक सत्यापन की प्रक्रिया में पूर्ण सावधानी बरतें।
पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि आधुनिक तकनीकी एवं ऑनलाइन माध्यमों के बढ़ते उपयोग के मद्देनजर विभिन्न सेवा प्रदाताओं के साथ समन्वय स्थापित करना आवश्यक है, जिससे अपराध की रोकथाम एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
थाना गौरेला पुलिस द्वारा आश्वस्त किया गया कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु इस प्रकार की समन्वयात्मक बैठकें निरंतर आयोजित की जाती रहेंगी।
जिला पुलिस गौरेला–पेंड्रा–मरवाही आमजन से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को प्रदान करें।