होली, धुरेड़ी, रंगपंचमी एवं रमजान को लेकर कटनी पुलिस अलर्ट पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में फ्लैग मार्च, ड्रोन व सीसीटीवी से निगरानी आमजन से शांति, सौहार्द और संयम बरतने की अपील
होली, धुरेड़ी, रंगपंचमी एवं रमजान को लेकर कटनी पुलिस अलर्ट
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में फ्लैग मार्च, ड्रोन व सीसीटीवी से निगरानी
आमजन से शांति, सौहार्द और संयम बरतने की अपील
कटनी।। आगामी होली, धुरेड़ी, रंगपंचमी एवं रमजान पर्वों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में कानून-व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से कटनी पुलिस द्वारा व्यापक एवं सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के नेतृत्व में जिलेभर में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की ऑनलाइन बैठक लेकर शांति समिति बैठकों के आयोजन, पुलिस बल की प्रभावी ब्रीफिंग, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल की तैनाती, फ्लैग मार्च एवं सीसीटीवी तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी के निर्देश दिए गए।
02 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत थाना तिराहा, सुभाष चौक, बरही नाका एवं खिरहनी फाटक जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में बड़े पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान आम नागरिकों से त्यौहार शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील की गई। फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा सहित जिला मुख्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी प्रकार जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में भी संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च आयोजित कर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया।
ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की विशेष ब्रीफिंग
होलीका दहन एवं धुरेड़ी के अवसर पर थाना कोतवाली परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की विशेष ब्रीफिंग ली गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने, आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने तथा सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए।
ड्राय डे को लेकर सघन चेकिंग अभियान
ड्राय डे को ध्यान में रखते हुए अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। जिले के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, लॉज एवं ढाबों की सघन चेकिंग की कार्यवाही की गई।
जिला पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा विवादित पोस्ट साझा न करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएँ। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को देने का आग्रह किया गया है। पुलिस द्वारा सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गई है, ताकि जिले में सभी त्यौहार शांति, सद्भाव एवं उल्लास के साथ संपन्न कराए जा सकें।