लोक अदालत में 3850 से अधिक रसीदें, निगम कोष में जमा हुए लगभग 2.99 करोड़ रुपये

0

लोक अदालत में 3850 से अधिक रसीदें, निगम कोष में जमा हुए लगभग 2.99 करोड़ रुपये
कटनी।। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शनिवार को आयोजित नेशनल लोक अदालत में करदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बकाया करों का भुगतान किया। लोक अदालत के दौरान लगभग 3 हजार 850 करदाताओं ने अपने बकाया करों के रूप में करीब 2 करोड़ 99 लाख 12 हजार 930 रुपये की राशि जमा कर शासन द्वारा दी जाने वाली छूट का लाभ उठाया।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर निगम प्रशासन द्वारा शिविरों की सभी आवश्यक तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली गई थीं। सुबह 10 बजे से शिविरों की शुरुआत करते हुए पहुंचने वाले करदाताओं का तिलक वंदन कर स्वागत किया गया। निगमायुक्त ने स्वयं सुबह से ही शिविरों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और राजस्व अमले को वसूली बढ़ाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। हालांकि निगमायुक्त बरही में आयोजित किसान सम्मेलन में भी शामिल रहीं, इसके बावजूद उन्होंने समय-समय पर वसूली की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। देर शाम उन्होंने खिरहनी और सुभाष चौक स्थित शिविरों का निरीक्षण भी किया तथा वहां उपस्थित नागरिकों से संवाद कर निगम की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने लोगों से लोक अदालत में मिलने वाली छूट का लाभ लेने के लिए आसपास के अन्य नागरिकों को भी प्रेरित करने की अपील की।
लोक अदालत में आने वाले करदाताओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया और उनकी शंकाओं व समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। निगमायुक्त के निर्देशानुसार गठित टीमों ने बकायेदारों की सूची के आधार पर डोर-टू-डोर संपर्क कर लोगों को लोक अदालत की जानकारी दी और बकाया कर जमा करने के लिए प्रेरित किया। अधिक से अधिक नागरिकों को लाभ मिले, इसके लिए शिविर देर रात तक जारी रहे। राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि लोक अदालत के दौरान सभी शिविर स्थलों से संपत्ति कर की 2,576 रसीदें काटी गईं, जिनसे लगभग 1 करोड़ 69 लाख 12 हजार 930 रुपये निगम कोष में जमा हुए। वहीं जलकर की 1,274 रसीदों के माध्यम से करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये की राशि करदाताओं द्वारा जमा कराई गई। उन्होंने बताया कि जलकर की राशि का आंकड़ा फिलहाल अनंतिम है, क्योंकि समाचार लिखे जाने तक रसीदों की पोस्टिंग का कार्य जारी था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed