गैस सिलेंडर लेने के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य, मोबाइल ऐप से घर बैठे कर सकते हैं प्रक्रिया पूरी
गैस सिलेंडर लेने के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य, मोबाइल ऐप से घर बैठे कर सकते हैं प्रक्रिया पूरी
कटनी।। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप की जा रही है। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। उपभोक्ता गैस एजेंसी में जाकर या संबंधित ऑयल कंपनी के आधिकारिक मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
मोबाइल एप के माध्यम से ई-केवाईसी करने से उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ और असुविधा से बचाया जा सकता है। जिले के सभी गैस उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे प्ले-स्टोर से अपनी गैस कंपनी का एप डाउनलोड कर लें और घर बैठे ई-केवाईसी पूर्ण करें। साथ ही पहचान सत्यापन के लिए UIDAI Face RD App भी इंस्टॉल करना आवश्यक है।
उपभोक्ता अपनी गैस कंपनी के अनुसार निम्न एप का उपयोग कर सकते हैं—
HP Pay – एचपीसीएल उपभोक्ताओं के लिए
IndianOil One – इंडियन ऑयल उपभोक्ताओं के लिए
Hello BPCL – बीपीसीएल उपभोक्ताओं के लिए
इन एप के माध्यम से उपभोक्ता ई-केवाईसी के साथ गैस सिलेंडर की बुकिंग भी कर सकते हैं।
गैस एजेंसियों और गोदामों का निरीक्षण
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में गैस एजेंसियों और उनके गोदामों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को सहायक आपूर्ति अधिकारी पियूष कुमार शुक्ल और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी यज्ञदत्त त्रिपाठी ने कृषि उपज मंडी के पास पहरूआ स्थित पुरूषोत्तम गैस एजेंसी के गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम परिसर में 10 डिलीवरी वाहनों में 682 घरेलू गैस सिलेंडर तथा गोदाम के अंदर 356 सिलेंडर पाए गए। इस प्रकार कुल 1038 भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर भंडारित पाए गए। इसके अतिरिक्त 19 किलोग्राम के 81 व्यावसायिक सिलेंडर, 5 किलोग्राम के 38 और 2 किलोग्राम के 59 सिलेंडर भी भरे हुए पाए गए।
सहायक आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि उपभोक्ताओं को गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा भंडारण व्यवस्था की नियमित निगरानी के लिए ऐसे निरीक्षण लगातार किए जा रहे हैं।