बस स्टैंड ऑटो चोरी का खुलासा, 3 आरोपी नगदी सहित गिरफ्तार
बस स्टैंड ऑटो चोरी का खुलासा, 3 आरोपी नगदी सहित गिरफ्तार
कटनी। बस स्टैंड क्षेत्र में ऑटो से बैग चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी सहित लाखों रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन एवं कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के निर्देशन में बस स्टैंड चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सिद्धार्थ राय द्वारा इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। 9 मार्च 2026 को उमेश नामदेव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह चांडक चौक से एक ऑटो में सवार हुआ था, जिसमें पहले से तीन व्यक्ति बैठे थे। बस स्टैंड के पास पहुंचने पर उसके बैग से नगदी 15,000 रुपये सहित बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और पोस्ट ऑफिस की पासबुक चोरी हो गई थी। मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 274/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 18 मार्च 2026 को तीन आरोपियों—बृजेश मिश्रा 21 वर्ष, राजकुमार यादव 37 वर्ष और अज्जू उर्फ अजीजुद्दीन अंसारी 31 वर्ष निवासी जिला रीवा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक ऑटो, नगद 20,000 रुपये तथा विभिन्न दस्तावेज जब्त किए गए। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 3 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक सिद्धार्थ राय, सहायक उपनिरीक्षक बाल गोविंद प्रजापति, दीपेंद्र शर्मा, प्रधान आरक्षक सुशील पाण्डे, मनोज पटेल, आरक्षक अनमोल सिंह एवं मनु त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।