ईद की खुशियां मातम में बदलीं रहस्यमयी हालात में किशोरी की मौत, कुएं में मिला शव, जांच शुरू

0

ईद की खुशियां मातम में बदलीं रहस्यमयी हालात में किशोरी की मौत, कुएं में मिला शव, जांच शुरू
कैमोर।। कैमोर थाना क्षेत्र के खलवारा बाजार स्थित शुक्ला मोहल्ला में उस समय सनसनी फैल गई, जब पुराने भुवनेश्वरी स्कूल के समीप एक कुएं में 16 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ। किशोरी पिछले तीन दिनों से लापता थी, जिसकी तलाश में परिजन लगातार जुटे हुए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरी के माता-पिता मैहर में निवास करते हैं, जबकि वह पिछले कुछ समय से अपने नाना-नानी के साथ खलवारा बाजार में रह रही थी। रमज़ान माह के चलते परिवार के लोग रोज़े रख रहे थे। दो दिन पहले सेहरी के लिए जब परिवार देर रात उठा, तो किशोरी घर में नहीं मिली। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। तलाश में निराश होने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसी बीच आज दोपहर खलवारा बाजार निवासी एक शुक्ला परिवार के पुराने कुएं में स्थानीय लोगों ने एक लड़की का शव देखा, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नगर परिषद के सहयोग से शव को कुएं से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रारंभिक तौर पर शव की पहचान लापता किशोरी के रूप में की गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किशोरी की मौत आत्महत्या है या किसी अन्य घटना का परिणाम। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पड़ताल की जा रही है। ईद जैसे खुशियों के पर्व के दिन इस दुखद घटना से मुस्लिम परिवार में मातम छा गया है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त है। अब इस संदिग्ध मौत से जुड़े सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed