शातिर बाइक चोर गिरफ्तार10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, कई थानों में फैला था नेटवर्क
शातिर बाइक चोर गिरफ्तार10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, कई थानों में फैला था नेटवर्क
कटनी।। जिले में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना रीठी पुलिस ने एक शातिर मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी लंबे समय से विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय था और लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। थाना प्रभारी रीठी के नेतृत्व में 22 मार्च को मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी मनीष लोधी 22 वर्ष, निवासी रैपुरा जिला पन्ना को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद की गई पूछताछ में आरोपी ने थाना रीठी, बाकल, बिलहरी सहित कटनी शहर के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी की कई वारदातें स्वीकार कीं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें बजाज प्लेटिना, पैशन प्रो, हीरो HF डीलक्स, होंडा लिवो और टीवीएस रैडॉन जैसी गाड़ियां शामिल हैं।
इनमें से कई वाहन अलग-अलग थानों में दर्ज प्रकरणों से संबंधित पाए गए हैं, जबकि अन्य वाहनों के संबंध में पुलिस द्वारा जांच जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मनीष लोधी एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से ही कटनी जिले के विभिन्न थानों में वाहन चोरी के 8 प्रकरण दर्ज हैं। वह सुनसान स्थानों और लापरवाही से खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाता था। मामले में चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वाले समीम खान निवासी रैपुरा को भी आरोपी बनाया गया है। उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।