पत्रकारिता की गरिमा बचाने कटनी में पत्रकार एकजुट, आपराधिक तत्वों पर सख्ती की मांग प्रशासन को सौंपा जाएगा ज्ञापन

0

पत्रकारिता की गरिमा बचाने कटनी में पत्रकार एकजुट, आपराधिक तत्वों पर सख्ती की मांग प्रशासन को सौंपा जाएगा ज्ञापन
कटनी।। पत्रकारिता जैसे समाज के चौथे स्तम्भ की गरिमा और विश्वसनीयता को बनाए रखने के उद्देश्य से कटनी जिले के पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक पत्रकार भवन में आयोजित की गई। बैठक में जिले की पत्रकारिता में बढ़ती अव्यवस्थाओं, आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की घुसपैठ तथा ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। बैठक में उपस्थित वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारिता एक जिम्मेदारीपूर्ण और जनसेवा से जुड़ा कार्य है।समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली पत्रकारिता को स्वच्छ और निष्पक्ष बनाए रखने के उद्देश्य से बैठक में पत्रकारिता के क्षेत्र में बढ़ते आपराधिक और अवांछित तत्वों पर गहरी चिंता व्यक्त की गई और उन्हें बाहर करने के लिए ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि जिले में सक्रिय सभी पत्रकारों का पुलिस सत्यापन पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य कराया जाए। इसके लिए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी। पत्रकारों का मानना है कि इससे फर्जी और आपराधिक प्रवृत्ति के लोग जो पत्रकारिता की आड़ में गलत गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं, उन पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा। इस दौरान पत्रकारों ने यह भी कहा कि जिले में कुछ लोग पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग और अन्य अनुचित कार्यों में लिप्त हैं, जिससे न केवल इस पेशे की गरिमा प्रभावित हो रही है, बल्कि शहर की छवि भी धूमिल हो रही है। व्यापारी वर्ग, समाजसेवियों और विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा भी इस पर असंतोष जताया जा चुका है।
बैठक में पत्रकार हितों की रक्षा और पत्रकारिता की साख बनाए रखने के लिए 11 सदस्यीय टीम गठित करने का निर्णय लिया गया। यह टीम जिले के पत्रकारों के लिए आवश्यक अनुशंसाएं (NOC) जारी करने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगी और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करेगी। वरिष्ठ पत्रकारों की मौजूदगी में यह भी निर्णय लिया गया कि कटनी जिले में पत्रकारिता के नाम पर हो रही घुसपैठ और अनैतिक गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा। सभी ने एकजुट होकर साफ संदेश दिया कि पत्रकारिता की गरिमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक के अंत में यह तय किया गया कि जल्द ही जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर इन मांगों पर त्वरित कार्रवाई की अपील की जाएगी, ताकि पत्रकारिता को स्वच्छ, निष्पक्ष और जनहितैषी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed